कप्तानगंज कस्बे में हुआ हादसा, मऊ के रहने वाले थे राजेश चौहान
कप्तानगंज(कुशीनगर)। थाने में डायल 112 के सिपाही की मालगाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गई। इसकी जानकारी होने पर एएसपी, रेलवे सुरक्षा बल एवं जीआरपी ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। उसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कप्तानगंज थाने में तैनात पीआरबी 112 के 27 वर्षीय राजेश चौहान बाइक से होमगार्ड राघवेंद्र तिवारी के साथ बृहस्पतिवार रात करीब 12:30 बजे इंदरपुर से ड्यूटी कर लौट रहे थे। कप्तानगंज कस्बे के क्रॉसिंग के गेट नंबर 17 बंद था। इसकी जानकारी लेने के लिए बंद क्रॉसिंग पार कर गेटमैन के कक्ष में गए और जानकारी लेकर जैसे ही बाइक के पास आ रहे थे, मालगाड़ी की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
इस दुर्घटना की जानकारी होने पर एएसपी रितेश प्रताप सिंह, आरपीएफ कप्तानगंज और जीआरपी पडरौना ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। गेटमैन रामदवन ने बताया कि राजेश चौहान रेलवे क्रॉसिंग बंद होने पर उनके कक्ष में आए और कौन सी ट्रेन आ रही है, इसकी जानकारी लेने के बाद जा रहे थे। उसी दौरान घुघली की तरफ से आ रही मालगाड़ी की चपेट में आ गए।
इसकी जानकारी कप्तानगंज रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर सुशील श्रीवास्तव दी गई। कप्तानगंज थाने के एसओ सुधीर सिंह ने बताया कि राजेश चौधरी पीआरबी 112 में तैनात थे। वह अपने सहयोगी होमगार्ड राघवेंद्र तिवारी के साथ इंदरपुर से ड्यूटी करके थाने वापस आ रहे थे। उसी दौरान मालगाड़ी की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। राजेश चौधरी मूलरूप से ग्राम सभा बाकुची दाढ़ीडीह थाना हलधरपुर जनपद मऊ के निवासी थे। वह पिछले सात महीने से थाने में तैनात थे। उनका शव जीआरपी पडरौना ने कब्जे में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।