बहादुरपुर चौकी क्षेत्र के सिअरहा गांव के पास अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई पिकअप
पुलिस के सामने से फरार पशु तस्कर वाहन छोड़ हुए फरार, हाईवे पर बढ़ी सक्रियता
सलेमगढ़ (कुशीनगर)। गोरखपुर से गोपालगंज को जोड़ने वाले हाईवे पर शुक्रवार सुबह करीब सात बजे पशु तस्करों ने पुलिस की घेराबंदी तोड़कर बिहार की ओर भागने की कोशिश की। सिअरहा गांव के पास तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई। पुलिस ने वाहन से छह बछड़े बरामद किए जबकि तस्कर खेतों के रास्ते भाग गए। पिकअप पर नंबर प्लेट नहीं था चेसिस नंबर के आधार पर वाहन मालिक और तस्करों की पहचान की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, हाईवे के रास्ते गोवंशीय पशुओं की तस्करी की सूचना पर शुक्रवार सुबह तरयासुजान एसएचओ नितिन रघुनाथ श्रीवास्तव और बहादुरपुर चौकी प्रभारी ब्रह्म उपाध्याय सक्रिय हुए। पुलिस टीम ने सलेमगढ़-नुनियापट्टी टोल प्लाजा के पास हाईवे पर घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी। इसी दौरान तमकुहीराज की ओर से बिना नंबर की पशुओं से भरी पिकअप तेज रफ्तार में पहुंची।
पुलिस को देखकर चालक ने वाहन रोकने के बजाय बैरिकेडिंग तोड़ दी और बिहार की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया। बहादुरपुर चौकी क्षेत्र के सिअरहा गांव के पास पिकअप अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई और फंस गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो चालक समेत वाहन में सवार तस्कर खेतों के रास्ते फरार हो चुके थे। तलाशी के दौरान पिकअप से छह बछड़े बरामद हुए।
हाईवे से जुड़े थानों की निगरानी पर सवाल
गोरखपुर से बिहार को जोड़ने वाले हाईवे के रास्ते गोवंशीय पशुओं की तस्करी का मामला सामने आने से पुलिस की निगरानी पर सवाल उठ रहे हैं। दो दिन के अंदर सुबह के समय पिकअप से गोवंशीय पशुओं की खेप पकड़े जाने की यह दूसरी घटना है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, पशु तस्कर हाटा, कसया, पटहेरवा, तुर्कपट्टी और तमकुहीराज थानों की सीमा पार कर बिहार बॉर्डर तक पहुंच जा रहे हैं। आरोप है कि रास्ते में बैरियर पर तैनात पुलिसकर्मियों की उदासीनता के कारण तस्करों की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पा रहा है। ऐसे में हाईवे से जुड़े थानों की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
वर्जन
पुलिस अज्ञात पिकअप के मालिक की पहचान चेसिस नंबर के आधार पर करने का प्रयास कर रही है। प्रथम दृष्टया तस्करों के बिहार का होने की जानकारी मिली है। उनकी पहचान के लिए पुलिस टीम जुटी है। हाईवे से गुजरने वाले वाहनों की चेकिंग बढ़ा दी गई है।
जयंत चौधरी, सीओ तमकुहीराज