तमकुहीराज। थाना क्षेत्र के हाईवे स्थित बनवरिया के समीप बुधवार की देर रात तेज रफ्तार ट्रक ने मैजिक को टक्कर मार दी। मैजिक में सवार कुल 15 यात्रियों में से छह यात्री घायल हो गए। अन्य नौ यात्रियों को मामूली चोटें आईं। सीएचसी पर उपचार कराने के बाद सभी को दूसरे गाड़ी से गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।
बिहार के मोतिहारी, मधुबनी व दरभंगा जिला निवासी लोग परिवार के साथ दिल्ली में रहकर मजदूरी करते हैं। 27 अक्तूबर की रात एक साथ 15 लोग आरक्षित मैजिक गाड़ी से बिहार स्थित अपने गांव के लिए निकले। बुधवार की देर रात 11.30 बजे यात्रियों से भरी मैजिक तमकुहीराज थाना क्षेत्र के हाईवे स्थित बनवरिया के समीप पहुंची थी। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। घटना के बाद ट्रक लेकर चालक मौके से भाग निकला।
टक्कर के बाद मौके पर आसपास के लोग जुट गए और छह घायलों दरभंगा निवासी संदीप मंडल ( 22), उनकी पत्नी गीता देवी (20), मुजफ्फरपुर निवासी भाई-बहन सुमित कुमार (12) व मुस्कान कुमार (14 ) मधुबनी निवासी मिथुन कुमार (30) व उनकी पत्नी किरण देवी (26) को सीएचसी तमकुहीराज भेजा। उपचार के बाद बृहस्पतिवार को अस्पताल से छुट्टी मिली। इसके बाद सभी यात्री सवारी गाड़ी से बिहार के लिए रवाना हो गए। इंस्पेक्टर तमकुहीराज अमित शर्मा ने बताया दुर्घटना के बाद पुलिस टीम मौके पर गई थी। उपचार के बाद यात्री बिहार के लिए रवाना हो गए है।