- छात्राओं के अनुसार परीक्षा के बारे में नहीं मिली जानकारी
सिद्धार्थनगर/धेंसा। जय किसान इंटर कॉलेज सकतपुर सनई में आयोजित विद्याज्ञान प्रवेश परीक्षा में 70 प्रतिशत छात्राएं अनुपस्थित रहीं। बर्डपुर, जोगिया, लोटन, नौगढ़, शोहरतगढ़ और उसका बाजार ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालयों में पढ़ने वाली छात्राओं में से कुल 338 छात्राओं ने परीक्षा विद्याज्ञान परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए रजिस्ट्रेशन कराया था, लेकिन परीक्षा में सिर्फ 110 छात्राएं ही शामिल हुईं जबकि 228 छात्राएं परीक्षा केंद्र तक नहीं पहुंचीं। आधे से भी कम उपस्थिति ने व्यवस्था की जमीनी हकीकत खोलकर रख दी है।
विद्या ज्ञान प्रवेश परीक्षा-26 का आयोजन जय किसान इंटर काॅलेज सकतपुर सनई में रविवार को दो पालियों में किया गया। प्रथम पाली में कक्षा पांच में अध्ययनरत छात्राओं की परीक्षा पूर्वाह्न 10:30 से 12:30 तक हुई, जिसमें नौगढ़, उसका बाजार, बर्डपुर, शोहरतगढ़ ब्लाॅक की छात्राएं सम्मिलित हुईं। प्रथम पाली में पंजीकृत 338 में 228 परीक्षार्थियों अनुपस्थित रहे। द्वितीय पाली की परीक्षा में उपरोक्त ब्लॉक के ही छात्र सम्मिलित हुए। अपराह्न 2:30 से 4:30 तक की परीक्षा में 191 पंजीकृत परीक्षार्थियों में 60 की उपस्थिति रही। परीक्षा पूरे जनपद के चार केंद्रों पर आयोजित की गई।
विद्याज्ञान परीक्षा स्कूल ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली और वंचित बच्चों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की आवासीय शिक्षा, नेतृत्व प्रशिक्षण और सर्वांगीण विकास का अवसर देता है। लेकिन जिले में इस अवसर तक बच्चों को पहुंचाने की जिम्मेदारी ही अधूरी रह गई है। इस दौरान केंद्र पर्यवेक्षक विद्या ज्ञान योगेंद्र यादव, केंद्र व्यवस्थापक अंजनी कुमार श्रीवास्तव, शिक्षक अरविंद कुमार, सच्चिदानंद शुक्ल, नित्यानंद, बाबूराम यादव आदि मौजूद रहे।
वर्जन
विद्यालय के प्रधानाचार्यों को परीक्षा की जानकारी के साथ छात्रों को संबंधित शिक्षा को बेहतर बनाने के लिए जानकारी दी गई थी। अत्यधिक अनुपस्थिति का कारण पता करवाया जाएगा। अभिभावकों को भी जागरूक किया जाएगा।
- अरुण कुमार, बीएसए