पडरौना उदित नारायण पीजी कॉलेज से यूपी पुलिस की परीक्षा देकर बाहर निकलते परीक्षार्थी। संवाद
पडरौना। उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की परीक्षा के दूसरे दिन रविवार को दोनों पालियों में 1228 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। दोनों पालियों में 4600 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। उनमें 3372 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा के दौरान सभी परीक्षा केंद्रों पर पुलिस की कड़ी सुरक्षा रही। डीएम और एसपी ने परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर संबंधित अधिकारियों को शुचिता पूर्ण परीक्षा संपन्न कराने के निर्देश दिए।
उप निरीक्षक (नागरिक पुलिस) एवं समकक्ष पदों के लिए रविवार को हुई परीक्षा के लिए जिले में उदित नारायण पीजी कॉलेज पडरौना, स्योबाई कमला देवी टिबड़ेवाल कन्या इंटर कॉलेज पडरौना व किसान इंटर कॉलेज साखोपार में एक-एक और बुद्ध पीजी कॉलेज कुशीनगर में दो समेत कुल पांच परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इस परीक्षा को शुचिता पूर्ण संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन बीते करीब एक सप्ताह से अलर्ट रहा।
परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्रों पर केंद्र व्यवस्थापक, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और सेक्टर मजिस्ट्रेटों के अलावा पर्यवेक्षक तैनात किए थे। परीक्षा से करीब दो घंटे पहले से ही सभी परीक्षा केंद्रों पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात थे। परीक्षा केंद्राें के 100 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है। एसपी केशव कुमार ने बताया कि दूसरे दिन की परीक्षा में पंजीकृत 4600 अभ्यर्थियों में से 3372 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 1228 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। जिले के सभी केंद्रों पर आयोजित उप निरीक्षक (नागरिक पुलिस) एवं समकक्ष पदों की परीक्षा सकुशल संपन्न हुई है। किसी भी केंद्र पर कोई अनियमितता नहीं मिली है।