मेडिकल कॉलेज : मेडिकल कॉलेज में दवाओं का टोटा, मरीजों को बाहर से खरीदनी पड़ रही हैं दवाएं
325 जीवनरक्षक दवाओं की सूची, फिर भी मरीजों को नहीं मिल रही हैं जरूरी दवाएं
पडरौना। मेडिकल कॉलेज में दवाओं की कमी से मरीजों की परेशानी बढ़ गई है। यहां 325 जीवनरक्षक दवाओं की सूची में से 90 फीसदी की उपलब्धता का दावा किया जा रहा है, लेकिन दवा वितरण काउंटर पर मरीजों को पर्चे पर लिखी पांच में से महज दो या तीन दवाएं ही मिल रही हैं। बाकी दवाएं बाहर से खरीदनी पड़ रही हैं।
मेडिकल कॉलेज में दवाओं की कमी बनी हुई है। पुरानी बिल्डिंग के दवा वितरण काउंटर पर मरीजों को पर्ची पर लिखी सभी दवाएं नहीं मिल रही हैं। वितरण काउंटर पर सिर दर्द निवारक, सूजन रोधी दवा, मल्टीविटामिन, लिवोसिट्रीजिन, जीरोडॉल एसपी, आईड्रॉप, खांसी के सिरप, लैक्टुलोज, सुक्राल आदि दवाएं उपलब्ध नहीं हैं।
जबकि कॉलेज प्रशासन 325 जीवनरक्षक दवाओं में से 90 फीसदी दवाओं की उपलब्धता का दावा कर रहा है। डॉक्टरों द्वारा ओपीडी में पर्ची पर लिखी दवाएं नहीं मिलने पर मरीज और तीमारदार जन औषधि केंद्र जा रहे हैं लेकिन वहां भी उपलब्ध नहीं होने पर बाहर मेडिकल स्टोर पर अपनी जेब ढीली कर रहे हैं। इससे मरीजों पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।
मेडिकल कॉलेज प्रशासन के मुताबिक, 325 जीवनरक्षक दवाओं की निर्धारित सूची में से मौजूदा समय में 275-280 दवाएं उपलब्ध हैं, इसके बावजूद मरीज व तीमारदार बाहर से दवाएं खरीदने को मजबूर हो रहे हैं। हालात यह हैं कि दवा वितरण काउंटर से पर्ची पर लिखी पांच और सात दवाओं में मरीजों को सिर्फ दो और तीन दवाएं ही मिल पा रही हैं, अन्य तीन से चार दवाएं उन्हें लेने के लिए जन औषधि केंद्र का रास्ता दिखा दिया जा रहा है लेकिन जन औषधि केंद्र पर नहीं मिली तो सिर्फ बाहर मेडिकल स्टोर से अधिक खर्च कर दवा खरीदनी पड़ रही है।
एल्बेंडाजोल की गोली तक नहीं
मेडिकल कॉलेज का हाल यह है कि स्वास्थ्य विभाग जो अभी कुछ दिन पहले बच्चों के पेट में कीड़े मारने की दवा एल्बेंडाजोल की खुराक स्कूलों और घरों में जा-जाकर खिला रहा था। वह दवा तक मेडिकल कॉलेज के दवा काउंटर पर नहीं मिल रही। अस्पताल में तो काउंटर से मरीज व अभिभावक को जन औषधि केंद्र का रास्ता दिखा दिया जा रहा है, ऐसे में वहां दवाएं नहीं होने तीमारदार व मरीज को बाहर मेडिकल स्टोर से दवा खरीदनी पड़ रही।
स्पीकअप
हड्डी रोग विभाग में डॉक्टर से दिखाने आया था। पैर में दर्द हो रहा था। डॉक्टर ने पांच दवाएं लिखी थीं। जिसमें सिर्फ दो दवाएं ही मिली हैं, तीन दवाएं नहीं मिल पाई हैं। जन औषधि केंद्र पर भी दवा न मिलने से मेडिकल स्टोर से दवा खरीदनी पड़ी।
-राहुल शर्मा, रामकोला
0000
पेट में दर्द हो रहा था। मेडिसिन विभाग में डॉक्टर ने पर्ची पर छह दवाएं लिखी थीं। जिसमें से सिर्फ दो दवाएं ही मिल पाईं। चार दवाओं को जन औषधि केंद्र से लेना पड़ा है। फार्मेसी से दवाएं मिल गईं होती तो 300 रुपये की बचत हो गई होती, मेडिकल कॉलेज प्रशासन को निर्धारित दवाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए जो पर्ची पर लिखी जा रही हैं।
निखिल तिवारी, सिधुआ
वर्जन
कुछ दवाएं नहीं हो सकती हैं, ड्रग वेयरहाउस में उपलब्ध दवाएं ही मिलती हैं। मानसिक व न्यूरो रोगियों के लिए दवाओं की आपूर्ति नहीं हो रही है। दोनों विभागों के डॉक्टरों से पर्ची पर लिखी जाने वाली दवाओं की सूची मांगी गई है। ताकि मरीजों को दवाएं मुहैया कराई जा सकें।
-डॉ. दिलीप कुमार, सीएमएस, मेडिकल कॉलेज कुशीनगर