पडरौना। बीएसए ने शनिवार को पडरौना और कसया के पांच परिषदीय विद्यालयाें का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एक विद्यालय में तैनात शिक्षामित्र अनुपस्थित मिला। इसको गंभीरता से लेते हुए नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। निरीक्षण में विद्यालयों में छात्र उपस्थित भी कम मिली। इस पर शिक्षकों को उपस्थिति बढ़ाने और विद्यालय में साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। बीएसए डॉ. राम जियावन मौर्या ने बताया कि शनिवार को प्राथमिक विद्यालय भटवलिया का निरीक्षण किया। इस दौरान विद्यालय में नामांकित 62 के सापेक्ष 37 बच्चे उपस्थित मिले। स्कूल में तैनात एक प्रधानाध्यापक, एक सहायक अध्यापक और दो शिक्षामित्र उपस्थित मिले। निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर में गंदगी मिली। इसके अलावा अधिकांश बच्चों ने स्वेटर व जूता-मोजा नहीं पहना था। प्राथमिक विद्यालय सखवनिया बुजुर्ग खान टोला के निरीक्षण में नामांकित 54 छात्रों के सापेक्ष 39 बच्चे उपस्थित मिले। यहां तैनात एक सहायक अध्यापक व दो शिक्षा मित्रों में से एक शिक्षामित्र अनुपस्थित मिला। मध्याह्न भोजन पंजिका में भी भोजन ग्रहण करने वाले छात्रों की संख्या दर्ज नहीं थी। विद्यालय में साफ-सफाई भी नहीं मिली। अधिकांश बच्चे स्वेटर व जूता-मोजा नहीं पहने थे। इसको गंभीरता से लेते हुए अनुपस्थित शिक्षामित्र का एक दिन का मानदेय बाधित करते हुए तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
प्राथमिक विद्यालय बाधी टोला के निरीक्षण में नामांकित 47 बच्चों में से 34 बच्चे उपस्थित मिले। विद्यालय में तैनात प्रधानाध्यापक, एक सहायक अध्यापक व एक शिक्षामित्र उपस्थित मिला। मध्याह्न भोजन बना था, लेकिन पंजिका में भोजन ग्रहण करने वाले छात्रों की संख्या दर्ज नहीं की गई थी।