तमकुहीराज। तरयासुजान थाना क्षेत्र के बाघाचौर गांव के पास नारायणी नदी में मंगलवार को स्नान करने गई किशोरी गहरे पानी में लापता हो गई। उसकी तलाश करने के लिए के लिए बृहस्पतिवार की सुबह से ही एसडीआरएफ की टीम पानी में पसीना बहाया, लेकिन उसका पता नहीं चल सका।
कसया थाना क्षेत्र के शिवपुर मठिया निवासी 12 वर्षीय रोशनी पाठक पुत्री सुनील पाठक तरयासुजान थाना क्षेत्र के गांव दनियाड़ी निवासी अवध किशोर उपाध्याय के घर ननिहाल में आई थी। मंगलवार को परिजनों के साथ नारायणी नदी में स्नान करने गई। उसी दौरान वह पानी के तेज बहाव में डूबने लगी। यह देख परिजन किशोरी को बचाने के लिए गए, तो वे भी डूबने लगे। नदी में स्नान कर रहा एक युवक पानी में डूब रहे परिजनों को बचा लिया, लेकिन किशोरी डूब गई। बृहस्पतिवार की सुबह पहुंची एसडीआरएफ टीम किशोरी की तलाश में अभियान शुरु की। करीब चार किलोमीटर की दूरी तक उसकी खोजबीन की, लेकिन किशोरी का कहीं पता नहीं चल पाया है। इंस्पेक्टर तरयासुजान आशुतोष सिंह ने बताया एसडीआरएफ की टीम ने स्टीमर की मदद से किशोरी की खोजबीन की, लेकिन सफलता नहीं मिली। पुनः शुक्रवार को उसकी खोजबीन की जाएगी।