पडरौना। खड्डा क्षेत्र के गंडक नदी पार रेता क्षेत्र के पांच गांव के संपर्क मार्ग को मुख्य मार्ग से जोड़ा जाएगा। विधायक की पहल पर सड़क को पिच बनाकर लोगों को आवागमन की बेहतर व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी। शासन के निर्देश पर एसडीएम ने प्रस्तावित सड़कों का सर्वे कर उसकी रिपोर्ट शासन को भेज दी है।
गंडक नदी पार के गांवों में आज भी बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। उन गांवों में हर वर्ष बरसात के समय बाढ़ की मार झेलनी पड़ती है। नदी पर शिवपुर, सोहंगीबरवा समेत कई गांव में अब तक संपर्क मार्ग से भी नहीं जुड़ सके हैं। इसके चलते उन गांवों के लोग कच्ची सड़क से ही आवागमन करते हैं। गांव संपर्क मार्ग से नहीं जुड़ने से लोगों को हर समय आवागमन में परेशानी तो होती ही है, बरसात के दिनों में दुश्वारियां और बढ़ जाती हैं। सड़क खराब होने के चलते सबसे अधिक दिक्कत मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में होती है।
इस समस्या को देखते हुए खड्डा विधायक विवेकानंद पांडेय ने हरिहरपुर संपर्क मार्ग से हरिहरपुर खास, शिवपुर संपर्क मार्ग से शिवपुर जंगल टोला, सोहंगी बरवा से बसंतपुर खास, मरचहवा खास संपर्क मार्ग तक बसंतपुर खास होते हुए सोहंगीबरवा के कुशीनगर की सीमा तक करीब 10 किलोमीटर सड़क को पिच कराने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा था। विधायक ने बताया कि प्रदेश के हर गांव को शहर से जोड़ने के लिए सरकार का संकल्प है। इसके तहत सड़क निर्माण के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया था। सर्वे रिपोर्ट के आधार पर उन सड़कों को पिच करने के लिए धन स्वीकृत होगा। उधर शासन के निर्देश पर खड्डा एसडीएम ने सर्वे कर उसकी रिपोर्ट शासन को भेज दी है। एसडीएम मोहम्मद जफर ने बताया कि शासन के निर्देश पर गंडक नदी पार पांच गांव में सड़क निर्माण के लिए सर्वे किया गया है। सर्वे रिपोर्ट डीएम के माध्यम से शासन को भेजी जा रही है।