मंसाछापर। सीएचसी विशुनपुरा में सोमवार की देर शाम को सीएम शोधार्थी और फॉर्मासिस्ट के बीच हाथापाई करने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद अस्पताल में अफरा तफरी मच गई। मंगलवार की सुबह दोनों तरफ से पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है।
शोधार्थी का आरोप है कि स्वास्थ्य व्यवस्था की रिपोर्ट लेने पर फाॅर्मासिस्ट ने उनके साथ कमरे में ले जाकर मारपीट की, जबकि फार्मासिस्ट का आरोप है कि नशे की हालत में उन्होंने आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग कर धमकी दी। आरोप है कि एम्बुलेंस कर्मियों और स्टाफ नर्सों के साथ भी अमर्यादित शब्दों का प्रयोग किया गया।
सोमवार रात करीब आठ बजे शासन की तरफ से नामित शोधार्थी प्रवीण अग्निहोत्री सीएचसी विशुनपुरा पर गए। वहां किसी बात को लेकर फार्मासिस्ट आनंद तिवारी से विवाद हो गया।
शोधार्थी प्रवीण अग्निहोत्री ने पुलिस को देर रात तहरीर देकर फार्मासिस्ट आनंद तिवारी पर कमरे में ले जाकर मारपीट करने का आरोप लगाकर कार्रवाई की मांग की गई। फार्मासिस्ट आनंद तिवारी, एम्बुलेंस के कर्मी जमुना प्रसाद, राजेश कुमार और दो महिला स्टाफ नर्स की तरफ से पुलिस को तहरीर देकर नशे में वीडियो बनाने और धमकी देने का आरोप लगाया है।