जुलूस निकालते सपाई गिरफ्तार, बाद में निजी मुचलके पर रिहा
खड्डा। प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर सपा कार्यकर्ताओं ने रविवार को पूर्व राज्यमंत्री राधेश्याम सिंह और ब्लॉक प्रमुख जिलाजीत यादव की अगुवाई में केंद्र सरकार के कृषि कानून के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पैदल जुलूस निकाला। इस दौरान एसडीएम के निर्देश पर पुलिस ने ब्लॉक प्रमुख समेत कई सपा नेताओं को गिरफ्तार किया और कुछ देर बाद निजी मुचलके पर रिहा कर दिया।
सपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता हनुमानगंज थाना क्षेत्र के बोधीछपरा गांव में पहुंचे। वहां से सरकार विरोधी तख्ती व बैनर लिए नवसृजित नगर पंचायत छितौनी के मलहिया, बैरा टोला होते हुए मस्जिदिया टोला पहुंचे। रास्ते में राधेश्याम सिंह को पता चला कि बगल के एक गांव में सपा कार्यकर्ता के पिता का निधन हो गया है तो वहां से उस कार्यकर्ता के घर शोक वक्त करने चले गए। पर जुलूस जिलाजीत यादव के नेतृत्व में आगे बढ़ता रहा। सपा कार्यकर्ताओं ने मस्जिदिया टोला के पास एनएच-28बी को जाम करना चाहा। तभी एसडीएम अरविंद कुमार की अगुवाई में मौजूद एसओ हनुमानगंज विभा पांडेय ने सपा कार्यकर्ताओं को रोक दिया।
इसे देख खड्डा एसओ आरके यादव, एसआई पीके सिंह, जीतबहादुर यादव, धनंजय राय आदि पुलिसकर्मी भी अलर्ट हो गए। रोके जाने पर सपा कार्यकर्ता वहीं धरने पर बैठ गए। कुछ देर बाद एसडीएम के आदेश पर पुलिस ने ब्लॉक प्रमुख जिलाजीत यादव, संजय यादव, विजय अग्रवाल उर्फ मिट्ठू, मुन्ना राजभर, व्यास मिश्रा, कौशल अग्रवाल, पन्नेलाल यादव, नासिर लारी, संदीप यादव, संजय कुमार यादव, जितई यादव, सुभाष प्रसाद समेत कई कार्यकर्ताओं को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार करते हुए बस से अस्थायी जेल (छितौनी इंटर कॉलेज) ले गई। वहां भी गिरफ्तार कार्यकर्ता सरकार विरोधी नारे लगाते रहे। करीब दो घंटे के बाद सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को निजी मुचलके पर एसडीएम ने रिहा करने का आदेश दिया।
इस दौरान विजय पांडेय, जितेंद्र तिवारी, रामप्रताप यादव, उपेंद्र सिंह, रफिक अंसारी, मुन्ना यादव, हरिनारायण यादव, अनिल मौर्या, मुरारी यादव, भोला यादव आदि मौजूद रहे।