रामकोला। लापता अनुराग श्रीवास्तव का मामला रहस्य बन गया है। घर वाले कुशीनगर की पुलिस की भूमिका पर सवाल खड़ा करते हुए सीबीसीआईडी जांच कराने की मांग पर अड़े हैं।
मुख्यमंत्री दरबार तक मामला पहुंच चुका है। बुधवार को विशुनपुरा पुलिस ने अनुराग के माता-पिता को दोबारा मेडिकल कॉलेज की लैब पर बुलाकर डीएनए जांच के लिए सैंपल निकालवाया।
इसके पूर्व भी भाई व पिता का एक बार सैंपल डीएनए जांच के लिए लिया जा चुका था। मौत का कारण पता नहीं चल पाने के कारण बिसरा प्रिजर्व किया गया है। इसी को आधार बनाकर पुलिस टाल मटोल कर रही है। रामकोला थाना क्षेत्र के पकड़ी बागर निवासी अनुराग श्रीवास्तव (24) शादी का कार्ड लेने जाने की बात कहकर 19 जनवरी को नौरंगिया के लिए गया था, लेकिन इसके बाद से वह लापता हो गया। 17 मार्च को विशुनपुरा थाना क्षेत्र के बुजुर्ग मठिया गांव के पास से शव मिला था। इसके जेब में मिले मोबाइल से उसकी शिनाख्त हुई।
अनुराग श्रीवास्तव की बाइक नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के बहुपरना गांव के पास मिली थी। उस दौरान अनुराग अपने भाई से मोबाइल पर भी बात भी की थी। पुलिस ने गुमशुदगी का केस दर्ज किया था।