रामकोला। शनिवार को रामकोला थाने में आयोजित समाधान दिवस पर अचानक डीएम और एसपी पहुंच गए। दोनों अधिकारियों ने लोगों की समस्या सुनी। डीएम ने बिना सूचना के अनुपस्थित दो लेखपालों का एक दिन का वेतन काटने का आदेश दिया। एसपी ने कौवासार ड्रेन में बांध बनाकर मछली मारने वालों के खिलाफ मुकदमा लिखने का आदेश दिया।
रामकोला थाने पर पहुंचे डीएम शम्भू कुमार ने उपस्थित पंजिका देखी तो इसमें कप्तानगंज तहसील के लेखपाल सुरेश प्रसाद और कसया के नुरुल बसर के हस्ताक्षर नहीं थे। दोनों लेखपाल अनुपस्थित थे। डीएम ने दोनों का एक दिन का वेतन काटने का आदेश दिया। समस्या सुनने के दौरान बंधवा के प्रधान विजयधीर मणि और हनुमानगंज के संतोष राय ने बताया कि कौआसार ड्रेन में जगह-जगह बांध लगाकर कुछ लोग मछली मार रहे हैं। पानी का बहाव बंद होने से फसलें डूब गई हैं। एसपी भारत सिंह ने दोषियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया। इस मौके पर प्रभारी एसओ बब्बन सिंह, नायब तहसीलदार सुनील कुमार, कानूनगो शिवमुरारी लाल श्रीवास्तव, सहित कई लोग मौजूद थे।
चार मामलों में एक का हुआ निस्तारण
हाटा। शनिवार को हाटा कोतवाली परिसर में आयोजित समाधान दिवस में चार मामले प्रस्तुत हुए। इनमें से एक मामले का निस्तारण किया गया। एसडीएम जेपी गुप्ता और कोतवाल विजयराज सिंह की मौजूदगी में समस्याएं सुनी गईं। कुल प्रस्तुत हुए चार मामलों में से तीन राजस्व विभाग के और एक पुलिस विभाग का था। राजस्व विभाग के एक मामले का मौके पर निस्तारण कर दिया गया।