फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kushinagar News: व्यवस्था पर अफवाहें भारी...रसोई गैस के लिए मारामारी

Mon, 09 Mar 2026 02:26 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कुशीनगर
विज्ञापन
तमकुहीराज के रामलीला मैदान में गैस के लिए लाइन में खड़े उपभोक्ता।स्रोत-सोशल मीडिया - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
गुरवलिया बाजार। पेट्रोल-डीजल को लेकर अफवाह के बाद अब रसोई गैस को लेकर भी लोग परेशान हैं। गैस के दाम बढ़ने और संभावित किल्लत की चर्चाओं के बीच रसोई गैस एजेंसियों व गोदामों पर भीड़ उमड़ रही है। प्रशासन और पूर्ति विभाग लगातार दावा कर रहा है कि किसी तरह की कोई कमी नहीं है लेकिन शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र के लोग अफवाहों से उबर नहीं पा रहे हैं। सुबह से ही लोग गैस गोदामों पर लाइन में लग रहे हैं और किसी भी तरह गैस सिलिंडर हासिल करने की जुगत लगाते दिखाई दे रहे हैं।
विज्ञापन


हाल ही में घरेलू रसोई गैस सिलिंडर की कीमत में करीब 60 रुपये तथा कॉमर्शियल सिलिंडर में लगभग 115 रुपये की बढ़ोतरी के बाद उपभोक्ताओं में चिंता बढ़ गई है। 7 मार्च से लागू नई कीमतों के बाद कई जगहों पर लोग पहले ही सिलिंडर लेने के लिए एजेंसियों और गोदामों की ओर दौड़ पड़े। फाजिलनगर क्षेत्र के देवपोखर सहित कई गैस एजेंसियों के बाहर सुबह से ही लंबी कतारें देखी गईं। कुछ स्थानों पर एजेंसी खुलने से पहले ही लोग लाइन में लग गए। इससे गोदामों के बाहर अफरा-तफरी जैसा माहौल बन गया। लोगों का कहना है कि सोशल मीडिया पर गैस की संभावित कमी और अंतरराष्ट्रीय हालात को लेकर चल रही खबरों के कारण वे पहले से ही तैयारी कर लेना चाहते हैं, ताकि बाद में परेशानी न हो। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि देश में रसोई गैस का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। लोगों को अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए।

ऊर्जा विशेषज्ञों के अनुसार, पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और वैश्विक ऊर्जा बाजार में उतार-चढ़ाव के कारण एलपीजी की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। इसी वजह से सरकार ने रिफाइनरियों को एलपीजी उत्पादन बढ़ाने के निर्देश भी दिए हैं ताकि आपूर्ति प्रभावित न हो।
विज्ञापन


-

गैस एजेंसियों पर उमड़ी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से अपील की गई है कि आवश्यकता के अनुसार ही सिलिंडर की बुकिंग करें और किसी भी प्रकार की अफवाह से बचें। रसोई गैस, डीजल, पेट्रोल की पर्याप्त उपलब्धता है। -केजी पांडेय, डीएसओ

0

गैस एजेंसियों का चक्कर काट रहे लोग


अहिरौली बाजार। ग्रामीण उपभोक्ता गैस एजेंसियों का चक्कर काट रहे हैं लेकिन, उन्हें गैस नहीं मिल रही है। ग्रामीण इलाकों में तो कुछ लोग लकड़ी पर खाना बनाने को मजबूर हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि प्रशासन को गैस एजेंसी का औचक निरीक्षण कर कालाबाजारी पर रोक लगानी चाहिए। उपभोक्ताओं को समय से गैस सिलिंडर मुहैया कराने की व्यवस्था करनी चाहिए। क्षेत्र के छपिया में स्थित उज्ज्वला भारत गैस एजेंसी पर रविवार को पहुंचे उपभोक्ताओं को एजेंसी कर्मचारियों ने बताया कि मंगलवार तक गैस उपलब्ध हो पाएगी। इस पर तमाम गैस उपभोक्ताओं ने नाराजगी जताई।

अहिरौली बाजार के कैलाश कसौधन ने कहा कि इस सरकार में कब नोट बंदी हो जाएगी और कब गैस की किल्लत हो जाएगी, इसका कोई ठिकाना नहीं है। पकड़ी के इमामुद्दीन अली ने बताया कि सात दिन से गैस समाप्त है। लकड़ी से भोजन बन रहा है। इस रमजान माह में गैस नहीं मिलने से काफी दिक्कत हो रही है।







क्षेत्र के कमलेश पांडेय, गुड्डू यादव, अखिलेश, रामरेखा राजभर, बसंत कुमार, रामप्रवेश सिंह आदि ने कहा कि प्रशासन कह रहा है गैस की कोई किल्लत नहीं है परंतु हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। कप्तानगंज स्थित वत्सल गैस एजेंसी से होम डिलीवरी के लिए जगदीशपुर बरडीहा चौराहे पर वितरण के लिए 75 गैस सिलिंडर आए थे। करीब तीस से अधिक उपभोक्ता गैस से वंचित रह गए।



0

सुबह से लगी रही लंबी कतार



नेबुआ नौरंगिया। क्षेत्र में इन दिनों रसोई गैस की किल्लत से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रमजान के महीने में गैस की कमी ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। कांति चौराहा स्थित कोटवा गैस वितरण केंद्र पर रविवार सुबह से ही उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लगी रहीं। गैस सिलिंडर के लिए लोग घंटों इंतजार करते रहे, लेकिन पर्याप्त आपूर्ति न होने से कई उपभोक्ताओं को खाली हाथ लौटना पड़ा।



गैस लेने पहुंचे रसूल अंसारी, मोहन यादव, शौकत अली, विकाऊ गुप्ता, कृष्ण मोहन भागवत आदि ने बताया कि क्षेत्र में कई दिन से गैस की किल्लत है। रमजान के दौरान सहरी और इफ्तार की तैयारी के लिए गैस की जरूरत अधिक होती है, लेकिन समय पर सिलिंडर नहीं मिलने से काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।



उपभोक्ताओं का आरोप है कि गैस आपूर्ति व्यवस्था में अनियमितता से आम लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में रसोई गैस की नियमित और पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित कराई जाए, ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिल सके

10 वर्ष बाद रसोई गैस के लिए लगी लाइन, पुलिस की मौजूदगी में वितरण







गंगुआ बाजार। क्षेत्र में रसोई गैस की किल्लत के कारण उपभोक्ताओं को करीब एक दशक बाद लाइन लगाकर गैस सिलिंडर लेना पड़ा। शुक्रवार को तमकुहीराज के रामलीला मैदान में पुलिस की मौजूदगी में रसोई गैस सिलिंडर का वितरण कराया गया।



स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले लगभग 10 वर्षों से होम डिलीवरी की व्यवस्था सुचारु रूप से चल रही थी। एजेंसी पर जाने की नौबत नहीं आती थी। लेकिन होली के बाद अचानक क्षेत्र में रसोई गैस की आपूर्ति प्रभावित हो गई, जिससे कई गैस एजेंसियों पर सिलिंडर खत्म हो गए और लोगों को गैस के लिए इंतजार करना पड़ा। करीब एक सप्ताह तक गैस की आपूर्ति बाधित रहने के कारण उपभोक्ताओं में चिंता बढ़ गई। जैसे ही गैस की खेप तमकुहीराज क्षेत्र में पहुंची, बड़ी संख्या में लोग सिलेंडर लेने के लिए रामलीला मैदान पहुंच गए। भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने पुलिस की मौजूदगी में लाइन लगवाकर व्यवस्थित तरीके से गैस वितरण कराया, ताकि किसी तरह की अफरा-तफरी की स्थिति न बने।



रसोई गैस की किल्लत से सबसे ज्यादा परेशानी उन परिवारों को हुई जिनके घर में गैस पूरी तरह खत्म हो चुकी थी। कई लोगों को खाना बनाने के लिए वैकल्पिक इंतजाम करना पड़ा।



हालांकि प्रशासन ने इस स्थिति को अस्थायी बताया है। उप जिलाधिकारी आकांक्षा मिश्रा ने बताया कि क्षेत्र में रसोई गैस की कोई स्थायी कमी नहीं है। होली के अवकाश के कारण कुछ दिनों तक सप्लाई प्रभावित हुई थी, अब सभी गैस एजेंसियों पर पहले की तरह गैस की आपूर्ति शुरू हो गई है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि स्थिति पूरी तरह सामान्य है। वहीं पूर्ति निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव ने भी कहा कि गैस की सप्लाई नियमित रूप से हो रही है और उपभोक्ताओं को परेशान होने की जरूरत नहीं है।

तमकुहीराज के रामलीला मैदान में गैस के लिए लाइन में खड़े उपभोक्ता।स्रोत-सोशल मीडिया- फोटो : अमर उजाला

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें