पडरौना। लोगों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण के लिए डीएम ने थाना समाधान दिवस का रोस्टर जारी किया है। उनकी तरफ से जारी रोस्टर अप्रैल से जून तक प्रभावी रहेगा।
डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि प्रदेश शासन, गृह (पुलिस) की तरफ से मिले निर्देश पर अप्रैल से जून तक थाना स्तर पर आयोजित थाना समाधान दिवस के लिए रोस्टर जारी किया है। उन्होंने बताया कि लोगों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए प्रत्येक माह के द्वितीय एवं चतुर्थ शनिवार को सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक थाना समाधान दिवस का आयोजन होगा। संबंधित सभी विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित तिथियों पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर लोगों की समस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि थाना क्षेत्र में आने वाले सभी राजस्व ग्रामों के राजस्व एवं चकबंदी विभाग के कर्मचारी, पुलिस विभाग के निरीक्षक एवं उपनिरीक्षक, विकास विभाग, विद्युत निगम और नगरीय क्षेत्रों में नगर पालिका/नगर पंचायत के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी समाधान दिवस में उपस्थित रहेंगे। सभी अधिकारी निर्धारित समय सुबह 10 बजे तक थाना परिसर में उपस्थित होकर लोगों के आए शिकायतों का मौके पर निस्तारण करेंगे। उन्होंने बताया कि थाना समाधान दिवस में आई शिकायतों की सुनवाई प्रभारी अधिकारी शिकायत की प्रकृति के अनुसार पुलिस, राजस्व अथवा संयुक्त टीम गठित कर करेंगे।