पडरौना। उदित नारायण इंटर कॉलेज में चल रहे मतदान कार्मिकों के द्वितीय प्रशिक्षण में तीसरे दिन पहुंचे डीएम और सीडीओ ने प्रशिक्षण का हाल जाना। निष्पक्ष, विश्वसनीय ढंग से चुनाव कराने पर प्रशासन ने जोर दिया। इसके लिए स्वतंत्र माहौल प्रदान कराने के लिए जिम्मेदारों को निर्देश दिया गया और सभी कार्मिकों को सहयोग के लिए कहा गया।
डीएम उमेश मिश्र ने कहा कि प्रशिक्षण ले रहे कर्मिकों को मास्टर ट्रेन से मिली जानकारी में यदि कोई दिक्कत हो उसे स्पष्ट कर लें, ताकि मतदान कराने के दौरान उन्हें किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने जिले में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए कार्मिकों को लोगों से मतदान करने के लिए प्रेरित करने की अपील की। डीएम ने मतदान कार्मिकों के लिए पोस्टल बैलट सुविधा केंद्र पर पोस्टल बैलेट से मतदान की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया।इस दौरान सीडीओ गुंजन द्विवेदी, परियोजना निदेशक जगदीश त्रिपाठी, डीपीआरओ आलोक प्रियदर्शी, डीआईओएस रविंद्र सिंह, डीडी कृषि आशीष कुमार, जिला कृषि अधिकारी डॉ. मेनका, भूमि संरक्षण अधिकारी डॉ. बीआर मौर्या, प्रधानाचार्य अरिवंद सिंह, सर्वेशचंद्र श्रीवास्तव, अनिल कुमार मिश्र आदि मौजूद रहे।