- शहर के बीच से गुजरी है गंडक नहर, जाम से मिलेगी राहत
- करीब डेढ़ करोड़ रुपये खर्च होंगे
पडरौना। शहर के बीच से गुजरी गंडक नहर दक्षिणी पटरी पर टू-लेन सड़क के निर्माण की स्वीकृति मिली है। शासन ने पीडब्ल्यूडी को कार्यदायी संस्था नामित करते कर निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने के लिए बजट की पहली किस्त जारी कर दी है। कार्यदायी संस्था ने टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। सड़क का निर्माण होने से न केवल लोगों के आवागमन में सहूलियत होगी बल्कि शहर में लोगों को जाम से निजात मिल जाएगी।
जिला मुख्यालय होने के चलते शहर में सोमवार से शनिवार तक लोगों का आवागमन होता है। इसके नाते शहर की सड़कों पर वाहनों का दबाव अधिक रहता है। मुख्य पश्चिमी गंडक नहर शहर के बीच होकर गुजरी है। नहर की उत्तरी पटरी पर पडरौना से नेपाल के झुलनीपुर तक टू-लेन सड़क का निर्माण हुआ है। खड्डा, रामकोला, कप्तानगंज की तरफ से जाने वाले शहर के गायत्री मंदिर के पास गंडक नहर पर बने पुल को पार कर बिना शहर में गए बाहर से ही निकल जाते हैं। लेकिन गंडक नहर पर बने पुल पर छोटे-बड़े हजारों वाहनों का दबाव होने के सुबह से शाम तक जाम लगा रहता है।
लोगों की इस समस्या को देखते हुए राज्यसभा सांसद आरपीएन सिंह की पहल पर गंडक नहर की दक्षिणी पटरी पर 1.5 किलोमीटर निर्माण की स्वीकृति देते हुए सड़क निर्माण कार्य कराने के लिए पीडब्ल्यूडी को कार्यदायी संस्था नामित किया है। इस सड़क के निर्माण पर करीब डेढ़ करोड़ रुपये खर्च होंगे। इस सड़क का निर्माण गायत्री मंदिर के पास से लम्हुआ के पास मिलने वाली बाईपास सड़क तक होगा। इसका निर्माण कार्य पूरा होने के बाद खड्डा, छितौनी, रामकोला और कप्तानगंज की तरफ से जाने वाले लोगों इस मार्ग से निकल कर अपने गंतव्य की तरफ से चले जाएंगे। इससे शहर में जाम की समस्या से बहुत हद तक निजात मिल जाएगी।
इस संबंध में पीडब्ल्यूडी के एई सुबेदार यादव ने बताया कि गंडक नहर की दक्षिणी पटरी पर गायत्री मंदिर के पास से 1.5 किलोमीटर टू-लेन सड़क निर्माण कार्य स्वीकृति मिली है। निर्माण कार्य शुरू कराने के लिए टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। बहुत शीघ्र निर्माण कार्य भी शुरू हो जाएगा।