सुकरौली। कस्बे के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) के पुनर्निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ने लगी है। शासन ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में इसके पुनर्निर्माण के लिए उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम (यूपीआरएनएसएस) को कार्यदायी संस्था नामित किया है। इससे लंबे समय से अस्पताल के नए भवन का इंतजार कर रहे क्षेत्र के लोगों में जल्द निर्माण शुरू होने की उम्मीद जगी है।
संयुक्त सचिव चंद्रशेखर मिश्र ने तीन नवंबर को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं, उत्तर प्रदेश के महानिदेशक को पत्र जारी कर कार्यदायी संस्था नामित किए जाने की जानकारी दी है। पत्र के अनुसार, महानिदेशालय की ओर से 24 सितंबर 2026 को भेजे गए प्रस्ताव पर विचार करने के बाद यूपीआरएनएसएस को निर्माण की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर आगे की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। गौरतलब है कि पीएचसी सुकरौली का पुराना भवन जर्जर घोषित किया जा चुका है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से भवन को लेकर नोटिस जारी किए जाने के बाद अस्पताल बंद कर दिया गया था। साथ ही भवन के ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया प्रस्तावित थी। इसके चलते क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए परेशानी उठानी पड़ रही थी।
अब शासन की ओर से कार्यदायी संस्था नामित किए जाने के बाद पुनर्निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ने की उम्मीद है। इससे क्षेत्रवासियों को जल्द बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने की आस जगी है।