पडरौना। गांधी जयंती और शास्त्री जयंती के अवसर पर बीएसए कार्यालय व डायट परिसर में संयुक्त कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें कार्यालय भवन पर ध्वजारोहण कर महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
डायट प्राचार्य व बीएसए डाॅ. रामजियावन मौर्य ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और सेवा जैसे मूल्यों से जीवन जीने की प्रेरणा दी। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. शास्त्री ने सादगी, ईमानदारी व जय जवान, जय किसान के नारे से देश को आत्मनिर्भरता का मार्ग दिखाया। उन्होंने कहा कि आज भी इन आदर्शों की प्रासंगिकता उतनी ही है जितनी उनके समय में थी।
शिक्षा जगत जब इन मूल्यों को आत्मसात करता हैं तो विद्यार्थियों के माध्यम से समाज में व्यापक सकारात्मक बदलाव की राह खुलती है। इसके बाद डायट परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। बीएसए व सभी कर्मियों ने श्रमदान कर उदाहरण प्रस्तुत किया। पूरे उत्साह के साथ परिसर की साफ-सफाई की और गांधी-शास्त्री के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इसी तरह डीआईओएस कार्यालय, डीएम कार्यालय, एआरटीओ कार्यालय, विकास भवन, उदित नारायण इंटर कॉलेज आदि सभी सरकारी कार्यालपों पर ध्वजारोहण कर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती मनाई गई।
पकवा इनार प्रतिनिधि के अनुसार बुद्ध पीजी कॉलेज कुशीनगर में बृहस्पतिवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती सम्मान व श्रद्धा के साथ मनाई गई। शुभारंभ राष्ट्रध्वज फहराकर हुआ।
काॅलेज शिक्षक संघ अध्यक्ष डॉ. सौरभ द्विवेदी ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और करुणा को केवल विचार के रूप में नहीं बल्कि जीवन के आचरण में उतारने पर जोर दिया था। उनका सत्याग्रह आंदोलन न केवल भारत को स्वतंत्र कराने में सहायक बना बल्कि विश्वभर में उत्पीड़न और अन्याय के खिलाफ शांति से संघर्ष करने की प्रेरणा दी।
पूर्व पीएम लाल बहादुर शास्त्री ने देश के दूसरे प्रधानमंत्री के रूप में कठिन कार्यकाल में भारत का सम्मान बचाया। जयंती कार्यक्रम को कृष्ण कुमार जायसवाल, डॉ. दुर्ग विजय पाल सिंह आदि ने संबोधित कर गांधी और शास्त्री दोनों की विचारधारा को जोड़ते हुए कहा कि एक ने हमें नैतिक और आध्यात्मिक शक्ति दी, तो दूसरे ने सादगी और कर्म निष्ठा का आदर्श प्रस्तुत किया। यदि युवा पीढ़ी इन मूल्यों को आत्मसात कर ले तो राष्ट्र सशक्त और समृद्ध बन सकता है।
इस दौरान दुर्गा द्विवेदी, राज किशोर, घनश्याम मिश्र, संजय, दीनानाथ आदि मौजूद रहे।
तमकुहीरोड प्रतिनिधि के अनुसार सेवरही क्षेत्र में सरकारी और गैर सरकारी संस्थानों में महात्मा गांधी व पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती मनाई गई। ब्लाॅक मुख्यालय पर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि धनंजय तिवारी, नगर पंचायत कार्यालय सेवरही में चेयरमैन सोनिया जायसवाल, लोकमान्य इंटर काॅलेज जानकीनगर में प्रधानाचार्य उमाशंकर सिंह, बिजली घर पर एसडीओ धर्मेंद्र कुमार मल्ल, बाढ़ खंड कार्यालय पर एसडीओ दीपरतन सिंह ने झंडा फहराया। ध्वजारोहण कर महात्मा गांधी और पूर्व पीएम लाल बाहादुर शास्त्री की जयंती मनाई गई।
इस दौरान सेवरही के अधिशासी अधिकारी उत्तम वर्मा, पूर्व चेयरमैन त्रिभुवन जायसवाल, पूर्व चेयरमैन श्यामसुंदर विश्वकर्मा, गोविंद सिंह, पप्पु जायसवाल, लवकुश गुप्ता, विकास मिश्र, मक्खन जायसवाल, बैजनाथ वर्मा आदि मौजूद रहे।
मथौली प्रतिनिधि के अनुसर कस्बा के सीएचसी परिसर में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शात्री की जयंती ध्वजारोहण कर मनाया। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश कुमार मद्धेशिया ने कहा कि गांधीजी के विचार समाज के लिए आभी प्रासंगिक हैं। उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लेना चाहिए।