कप्तानगंज। मंगलवार को निर्बल इंडियन शोषित आम दल के कुश्ाीनगर जिले के कप्तानगंज क्षेत्र के कार्यकर्ताओं ने तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। इन लोगों ने राज्यपाल को संबोधित एक ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा। इसमें मछुआ समाज की सभी जातियों को अनुसूचित जाति का प्रमाण पत्र जारी करने की मांग की गई है।
पार्टी के तहसील प्रभारी रामधारी निषाद और कप्तानगंज नगर पंचायत के चेयरमैन प्रतिनिधि शिवशंकर अग्रहरि की अगुवाई में कार्यकर्ता तहसील परिसर में एकत्र हुए। यहां उन्होंने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया और राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मछुआ समाज की जाति कहार, कश्यप, केवट, मल्लाह, निषाद, कुम्हार, प्रजापति, धीवर, बिन्द, भर, मांझी, मछुआ आदि को अनुसूचित जाति का प्रमाण पत्र जारी किए जाने की मांग की। प्रदर्शन करने वालों का कहना था कि सरकार के अलावा कोर्ट ने भी इन जातियों को अनुसूचित जाति का प्रमाण पत्र जारी करने का आदेश दिया है, लेकिन प्रशासन इसमें आनाकानी कर रहा है।
इस दौरान किस्मती निषाद, रविंद्र गोंड़, हरिहर निषाद, भोला निषाद, राममिलन साहनी, गौतम साहनी, बैजनाथ निषाद, राघवेंद्र निषाद, नरसिंह निषाद आदि मौजूद रहे।