बनकटा बाजार। चौराखास पुलिस ने थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति के लूट की झूठी सूचना के मामले का पर्दाफाश किया है। जांच में सामने आया कि सूचना मारपीट के एक मामले में आरोपियों को फंसाने के लिए दी गई थी। पुलिस ने इस मामले में दोनों पक्षों के पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
थानाध्यक्ष दिनेश कुमार ने बताया कि बीते 22 जुलाई को कोइलसवा बुजुर्ग निवासी अभिषेक गुप्ता ने सूचना दी कि बलियवा मुसहरी टोला के पास बाइक सवार चार युवकों ने उन्हें रोककर मारपीट और लूटपाट की। मामले में पुलिस ने जांच शुरू की तो प्रारंभिक पूछताछ और जांच में घटनाक्रम की सच्चाई सामने आने लगी।
पुलिस की जांच में खुलासा हुआ कि करीब दो महीने पहले अभिषेक गुप्ता ने अपनी भाभी कविता गुप्ता के साथ घरेलू विवाद को लेकर मारपीट की थी। इस घटना की जानकारी कविता के मामा के बेटे सिंटू गुप्ता को हुई। इसी रंजिश के चलते सिंटू के दोस्त अब्दुल अंसारी ने अपने साथियों के साथ मिलकर अभिषेक को रास्ते में रोका और उसके साथ मारपीट की। मामले में अभिषेक ने मारपीट करने वालों को फंसाने के इरादे से लूट की फर्जी सूचना देने की बात पुलिस पूछताछ में स्वीकार कर ली।