खड्डा। सिसवा गोपाल स्थित जूनियर हाईस्कूल में जलभराव की समस्या से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। विधायक विवेकानंद पांडेय की पहल पर खंड विकास विभाग के माध्यम से नाली निर्माण शुरू करा दिया गया है। काफी पहले का बना विद्यालय सड़क से नीचे हो गया है।
सड़क से करीब 10 फीट नीचे स्थित विद्यालय परिसर में पानी भर जाने से करीब 145 बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हुई थी। जलभराव के दौरान कक्ष में सांप मिलने से बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई थी। पानी निकलने के बाद स्कूल में पढ़ाई शुरू हो गई है, लेकिन हर बारिश में जलभराव की समस्या बनी रहती है। ग्रामीणो ने समस्या की जानकारी विधायक को देकर समाधान की मांग की। नाली निर्माण पूरा होने के बाद विद्यालय परिसर में पानी जमा होने और जहरीले जीव-जंतुओं के पहुंचने की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। ग्रामीणों ने जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है।