कसया। कुशीनगर के वार्ड नंबर 18 श्यामा प्रसाद मुखर्जी नगर में 45 लाख रुपये की लागत से आरसीसी सड़क और इंटरलॉकिंग का निर्माण कराया जा रहा है। लंबे समय से खराब रास्ते की समस्या से जूझ रहे लोगों को निर्माण कार्य पूरा होने के बाद आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है।
नगर पालिका की ओर से वार्ड में जरूरत के अनुसार सड़क निर्माण और इंटरलॉकिंग का कार्य कराया जा रहा है। आरसीसी सड़क बनने से रास्ते की मजबूती बढ़ेगी और बारिश के दौरान कीचड़ की समस्या से भी लोगों को निजात मिलेगी। वहीं, इंटरलॉकिंग होने से गलियों और संपर्क मार्गों पर आवागमन सुगम होगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दिनों में सड़क पर पानी जमा होने से आवागमन मुश्किल हो जाता था। कई जगह रास्ते खराब होने के कारण पैदल चलने वालों के साथ दोपहिया वाहन चालकों को भी परेशानी होती थी। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद इस समस्या से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है। कार्य पूरा होने के बाद वार्ड के लोगों को बेहतर सड़क सुविधा मिलने के साथ ही आसपास के आवागमन में भी सुधार होगा। इस संबंध में ईओ अंकिता शुक्ला ने बताया कि वार्डवासियों के डिमांड पर आरसीसी सड़क और इंटरलॉकिंग का निर्माण कराया जा रहा है। इससे वार्ड के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।