कप्तानगंज। शनिवार की शाम को एसडीएम की अगुवाई में कप्तानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम सभा इंदरपुर और हसनगंज में अवैध शराब के कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई हुई। पुलिस ने छापेमारी करके 550 लीटर कच्ची शराब और चार क्विंटल लहन बरामद किया। कच्ची शराब बनाने और बेचने के आरोप में एक व्यक्ति को पकड़ा गया।
नगर निकाय चुनाव शुरू होने से पहले कप्तानगंज कस्बे से सटे गांवों में बड़ी मात्रा में कच्ची शराब की बिक्री शुरू हो गई है। इसकी जानकारी मिलने पर एसडीएम ने शुक्रवार से ही अभियान चला रखा है। शनिवार को भी निर्वाचन कार्य से निवृत होने के बाद एसडीएम कप्तानगंज त्रिभुवन और एसओ कप्तानगंज श्याम लाल यादव थाना क्षेत्र के इंदरपुर गांव के उत्तर टोला पहुंचे। पुलिस की गाड़ी देखते हुए कच्ची शराब के कारोबारी भाग खड़े हुए। पुलिस ने घरों व धान के खेतों में छिपाकर रखी गई 250 लीटर कच्ची शराब पकड़ी। एक व्यक्ति को भी अवैध शराब बनाने व बेंचने के आरोप में पकड़ा गया। इसके बाद हसनगंज गांव में पहुंची पुलिस ने एक घर में रखे 300 लीटर कच्ची शराब को बरामद किया। इस दौरान एसआई विजय कुमार, सलाम कुरैशी, भीम शंकर राय, शालू यादव, दीपक सिंह, वीरेंद्र खरवार, शिवाराम, नंदकिशोर, उमाशंकर आदि मौजूद रहे।
एसडीएम त्रिभुवन ने कहा कि कच्ची शराब के खिलाफ यह अभियान हर दिन चलाया जाएगा। अवैध धंधे में लिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी। उन्होंने लोगों से अवैध शराब के कारोबारियों के विषय में सूचना देने को कहा।