पड़ोसी के दरवाजे पर खेल रही मासूम से दुष्कर्म, लोगों ने आरोपी को खंभे में बांधा
दुदही (कुशीनगर)। मंगलवार की दोपहर में विशुनपुरा थाना क्षेत्र के एक गांव में पड़ोसी के दरवाजे पर खेल रही तीन वर्ष की बच्ची को झोपड़ी में ले जाकर 13 वर्षीय किशोर ने दुष्कर्म किया। बच्ची रोती हुई घर पहुंची तो घरवाले सन्न रह गए। खेत से लौटे माता-पिता ने शोर मचाया तो लोगों ने आरोपी को खंभे में बांध दिया और पुलिस को सूचना दी। बच्ची को अस्पताल भेजकर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। एएसपी और सीओ कसया ने गांव का दौरा किया।
विशुनपुरा पुलिस के मुताबिक, घटना के वक्त बालिका के माता-पिता खेत में गए थे। आरोपी के घरवाले भी बाहर थे। पड़ोसी के दरवाजे पर मिट्टी के ढेर पर कई बच्चे खेल रहे थे। पड़ोसका किशोर बच्ची को बहला फुसलाकर झोपड़ी में ले गया। कुछ देर बाद खून से सने कपड़ों में रोती-बिलखती बच्ची घर पहुंची और खेत से लौटे माता-पिता को घटना के बारे में बताया। माता-पिता पड़ोसी के दरवाजे पर पहुंचे और आरोपी को पकड़कर लिया। गांव वालों ने आरोपी को खंभे से बांधकर पुलिस को सूचना दी।
अपर पुलिस अधीक्षक एसपी अयोध्या प्रसाद सिंह और सीओ कसया नितेश प्रताप सिंह ने भी गांव का दौरा किया। एसओ बृजेश कुमार मिश्र ने बताया कि दुष्कर्म एवं पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। बच्ची को जिला अस्पताल भेजा गया है। आरोपी को किशोर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।