रामकोला । स्थानीय थाना क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग लड़की से कक्षा तीन में पढ़ने के दौरान गांव के एक युवक शारीरिक संबंध बनाता रहा, इसकी जानकारी जब लड़की ने परिजनों को दी तो मामले में पंचायत बैठी। पंचायत में बालिग होने पर शादी की बात तय हुई। बालिग होने पर लड़की ने शादी करने की बात कही तो युवक ने शादी से इन्कार करते हुए लड़की से मारपीट की और धमकी भी दी। इस पर लड़की रामकोला थाने पहुंचकर एसएचओ को तहरीर सौंपी। इस पर पुलिस ने युवक पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए लड़की को डॉक्टरी जांच के लिए भेज दिया।
रामकोला थाना क्षेत्र के एक गांव के रहने वाली लड़की ने पुलिस को बताया कि जब वह कक्षा 3 में पढ़ती थी तो गांव का ही युवक उसके पीछे पड़ा रहता था। उसको जाल में फंसाकर लगातार शारीरिक संबंध बनाता रहा। इसकी जानकारी जब वह अपने माता-पिता को दी तो दोनों तरफ से पंचायत बैठी। पंचायत में नाबालिग होने की बात कहते हुए उसने बालिग होने तक इंतजार करने का आश्वासन दिया। जब वह बालिग हुई तो युवक से शादी करने की बात कही। आरोप है कि इस पर युवक ने उसे मारा-पीटा व जान से मारने की धमकी भी दी और शादी से इन्कार कर दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए महिला कांस्टेबल के साथ लड़की को डाॅक्टरी जांच के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
इस संबंध में एसएचओ आनंद कुमार गुप्ता ने कहा कि लड़की की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी युवक को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। लड़की को डॉक्टरी जांच के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।