पडरौना। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के बड़हरा बाबू गांव में आबादी और बंजर भूमि के सीमांकन को लेकर चल रहा विवाद तूल पकड़ गया। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर घर में घुसकर तोड़फोड़ करने तथा तलवार, त्रिशूल और लाठी-डंडों से लैस होकर धमकाने का आरोप लगाया है। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और कार्रवाई की।
पीड़ित रामनरेश कुशवाहा का आरोप है कि बडहरा बाबू गांव निवासी संजय सिंह और दीपक सिंह के परिवार से जमीन के सीमांकन को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। आरोप है कि 11 सितंबर को दूसरे पक्ष के लोग हथियारों से लैस होकर उनके घर पहुंचे और तोड़फोड़ की। पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद होने की बात कही गई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर एसपी केशव कुमार मिश्र ने मामले का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई का निर्देश दिया। सोशल मीडिया पर तलवार, त्रिशूल, डंडा लेकर हीरालाल के घर में घुसने का प्रयास कर रहे सिर्फ तीन लोग दिख रहे हैं। हीरालाल की तहरीर पर पुलिस ने बबलू सिंह समेत सात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की है। थानाध्यक्ष धीरेंद्र राय ने बताया कि विवेचना की जा रही है।