पडरौना। भाई-बहन के अटूट प्रेम का त्योहार रक्षाबंधन जिले भर में उल्लासपूर्वक मनाया गया। भाई-बहन एक-दूसरे के घर गए। बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर अपनी रक्षा का वचन लिया, तो भाई भी बहनों को विभिन्न उपहार दिए। इस त्योहार को लेकर शुक्रवार को सड़कों और बाजारों में काफी चहल पहल रही।
रक्षाबंधन का त्योहार शुक्रवार को परंपरागत ढंग से संपन्न हो गया। बच्चे, युवा और बुजुर्ग हर उम्र के लोगों ने इस त्योहार को अपने-अपने तरीके से मनाया। बच्चे जहां विभिन्न खिलौनों की आकृति वाले राखी बांधे। युवा और बुजुर्गों की कलाई पर क्लासिकल और फैंसी राखियां शोभा पा रही थीं। भाई-बहन राखी के लिए सुबह से ही एक-दूसरे के घर आने-जाने लगे थे। दुकानों पर रक्षाबंधन के गीत इस त्योहार के महत्व की लोगों को याद दिला रहे थे। बहनों ने अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनकी लंबी उम्र की कामना की, तो वहीं भाइयों ने उन्हें विभिन्न उपहार तथा आशीर्वाद दिए। राखी बांधने का सिलसिला पूरे दिन चलता रहा।
तमकुहीरोड संवाद के अनुसार, क्षेत्र में मुहूर्त के अनुसार बहनों ने भाई की कलाई पर राखी बांधी और लंबी उम्र की कामना की। सेवरही कस्बा समेत राजपुर बगहा, सुमही संतपट्टी, गौरी नगर, दवनहा, टिकुलिया, बभनौली, अजय नगर, ब्रह्मपुर, रानीगंज, राजपुर खाश, दाहूगंज, मिश्रौली, पिरोजहा, पिपराघाट, जंगली पट्टी, जगदीशपुर, जीरो बाजार, परसा उर्फ सिरिसिया, अवदान टोला, दुबौली सहित सभी गांव में बड़े धूमधाम व उल्लास के साथ रक्षाबंधन का त्योहार मनाया गया।
अपने छोटे भाई की कलाई में राखी बनातीं बहन पल्लवी व सानवी। संवाद