हताशा में बोल रहे ओमप्रकाश राजभर, फिर बनेगी बीजेपी की सरकार : मनोज तिवारी
- तुर्कपट्टी सूर्य मंदिर में दर्शन के बाद पत्रकारों से बोले मनोज
संवाद न्यूज एजेंसी
तुर्कपट्टी। किसी भी व्यक्ति की पहली पहचान उसकी भाषा से ही होती है। सुभासपा के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने तोड़ने-मारने जैसे वक्तव्य देकर अपनी वही पहचान बताई है। ओमप्रकाश राजभर हताशा में बोल रहे हैं। यूपी में फिर से बीजेपी की सरकार बनेगी।
यह बातें दिल्ली भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व सांसद मनोज तिवारी ने कही। वह वुधवार की दोपहर में तुर्कपट्टी स्थित सूर्यमंदिर में पूजा-अर्चना के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। मनोज तिवारी ने कहा कि गुंडों जैसी भाषा का प्रयोग करके ओमप्रकाश राजभर ने पूरे प्रदेश में अपनी स्थिति स्पष्ट कर दी है। प्रदेश की जनता में उनका कोई वजूद नहीं है। अब वह हताशा में आकर अनर्गल प्रलाप कर रहे हैं। वर्ष 2022 में पुन: भाजपा प्रचंड बहुमत की सरकार बनाने जा रही है। स्वस्थ, सड़क, शिक्षा, निवेश आदि के मामलों में पूर्व की सरकारों से कई गुना अधिक कार्य किया गया है। अब न गुंडा हैं न ही गुंडाराज। यहां जनता की सरकार चल रही है। कुशीनगर को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा मिल गया है। यहां के अन्य धार्मिक स्थलों को चिह्नित करके पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किए जाने की जरूरत है।
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने तुर्कपट्टी बाजार स्थित पुरुषोत्तम वर्मा के घर जाकर जलपान किया। इस दौरान विनय राय, राकेश जायसवाल, मुकेश दुबे, मस्तराज सिंह, कुश कुमार, संतोष, दिनेश तिवारी, राजकुमार गिरी आदि मौजूद थे।
भाजपा नेता का हुआ स्वागत
सेवरही। किसान पीजी कालेज सेवरही तिराहे पर बुधवार शाम भाजपा सांसद व भोजपुरी फिल्म अभिनेता मनोज तिवारी का जोरदार स्वागत हुआ। वहीं मनोज तिवारी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी बाबू गेंदा सिंह की प्रतिमा पर फूल माला चढ़ाकर उन्हें नमन किया।
बुधवार शाम दुदही क्षेत्र के गौरी श्रीराम में एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे फिल्म अभिनेता और सांसद मनोज तिवारी के बनरहा चौराहे पर पहुंचते ही कॉलेज के प्रबंधक अनूप कुमार राय की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान मनोज तिवारी ने कहा कि इस क्षेत्र से उनका पुराना नाता रहा है। इस दौरान सुनील कुमार मिश्र, डॉ योगेंद्र सिंह, मिथिलेश पांडेय, अजय सिंह, सोनू जायसवाल, राजेश जायसवाल, रजनीश राय, अरविंद राय, संयोग, पप्पू, साधु राय आदि मौजूद रहे।