पडरौना। घरेलू एलपीजी की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की जांच के लिए जिला पूर्ति अधिकारी ने गुरुवार को गैस एजेंसियों का निरीक्षण किया। एक एजेंसी बंद मिली। उसके संचालक को नोटिस जारी किया गया। अधिकारियों ने दावा किया कि जिले में घरेलू गैस का पर्याप्त स्टॉक है।
जिला पूर्ति अधिकारी कृष्ण गोपाल ने क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी राजीव कुमार, पूर्ति निरीक्षक वैद्यनाथ सिंह और विजय कुमार के साथ नायक भारत गैस सपहां, कांति गैस सर्विस एचपीसीएल कसया तथा मे. अनीता एचपी ग्रामीण मैनपुर का निरीक्षण किया। गैस स्टॉक, वितरण व्यवस्था और उपभोक्ताओं को आपूर्ति की स्थिति का सत्यापन किया गया। घरेलू और व्यावसायिक सिलिंडर के सत्यापन में नायक गैस एजेंसी में फरवरी में प्राप्त 6458 और 3084 सिलिंडर में 5870 और 2954 का वितरण पाया गया। 588 और 130 सिलिंडर अवशेष मिले। 12 मार्च तक एजेंसी पर 130 घरेलू गैस सिलिंडर स्टॉक में पाए गए और 15 ऑनलाइन बुकिंग लंबित थी।
कसया स्थित कांति गैस सर्विस में निरीक्षण के दौरान एजेंसी खुली मिली और उपभोक्ताओं की भीड़ थी। एजेंसी को 14.2 किलोग्राम घरेलू गैस के 450 सिलिंडर का लोड मिला था, जिनमें से 414 का वितरण किया जा चुका था। पुलिस की मौजूदगी में गैस वितरण कराया जा रहा था। स्टॉक में 36 सिलिंडर मिले, जबकि 19 किलोग्राम और पांच किलोग्राम के सिलिंडर उपलब्ध नहीं थे। वहीं मैनपुर स्थित अनीता एचपी ग्रामीण वितरण एजेंसी का शोरूम और गोदाम बंद मिला और कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था। सेल्स ऑफिसर के अनुसार एजेंसी को अभी गैस का लोड प्राप्त नहीं हुआ है। एजेंसी बंद पाए जाने के संबंध में कारण बताओ नोटिस जारी किया जा रहा है।
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि निरीक्षण से स्पष्ट है कि जिले में घरेलू एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है। उपभोक्ता अपने कनेक्शन पर ऑनलाइन रिफिल बुक कर नियमानुसार गैस प्राप्त कर सकते हैं।
बोर्ड पर चस्पा नोटिस पढ़कर लौटे उपभोक्ता
तमकुहीरोड। सेवरही स्थित गैस एजेंसी पर बृहस्पतिवार सुबह गैस लेने के लिए पहुंचे उपभोक्ता बोर्ड पर चस्पा नोटिस पढ़कर ही लौट गए। गैस का संकट न हो, इसके लिए कंपनियों ने आपूर्ति के नियमों में बदलाव किया है। दो सिलिंडर की आपूर्ति में अंतराल 21 से बढ़ाकर 25 दिन कर दिया है। यह सूचना गैस एजेंसी संचालक ने बोर्ड पर चस्पा कर दी है। इसके चलते बृहस्पतिवार को गैस लेने पहुंचे तमाम उपभोक्ता चस्पा नोटिस पढ़कर ही लौट गए। इन उपभोक्ताओं का कहना था कि पहले 24 घंटे गैस की आपूर्ति हो जाती थी। गांव में गाड़ी भी डिलीवरी के लिए पहुंच जाती थी, लेकिन अब गैस के लिए एजेंसियों के गोदामों पर भोर में ही लाइन लगानी पड़ रही है। प्रशासन को मुकम्मल इंतजाम करना चाहिए, ताकि उपभोक्ताओं को परेशानी न झेलनी पड़े।
0
मांग से कम हो रही आपूर्ति, उपभोक्ता परेशान
पकड़ियार बाजार। नेबुआ नौरंगिया क्षेत्र में संचालित गैस एजेंसियों पर रसोई गैस की किल्लत से उपभोक्ताओं को परेशानी हो रही है। गैस लेने के लिए रात से ही एजेंसियों पर पहुंचकर सिलिंडर रखकर लाइन लगा रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें बिना गैस के ही वापस लौटना पड़ रहा है। इसकी वजह मौजूदा मांग के अनुसार,एजेंसियों पर गैस की आपूर्ति नहीं हो रही है। लेकिन प्रशासन का दावा है कि कहीं कोई परेशानी नहीं है। क्षेत्र के बेईली भारत गैस एजेंसी व कोटवा में इंडेन गैस एजेंसी पर बृहस्पतिवार को उपभोक्ताओं की करीब 500 मीटर लंबी कतार लगी थी। गाड़ी पहुंची तो गैस सिलिंडर की संख्या कम देख आपाधापी मच गई। निलेश कुशवाहा, फखरूद्दीन, रामसिंगार, तबरेज, शाह आलम, मुस्तफा व नूरजहां ने कहा कि बारी आने पर गैस खत्म हो गई। इन लोगों का आरोप है कि प्रशासन का दावा हवा हवाई है। गैस एजेंसी संचालक ने बताया कि पहले से गैस की आपूर्ति कम हो रही है, इसलिए यह परेशानी आई है।
0
9 मार्च काे हुई थी गैस की आपूर्ति
जौरा बाजार क्षेत्र के सोनबरसा स्थित एचपी गैस एजेंसी पर ताला लगा है। संचालक डॉ. शुभम यादव ने कहा कि 9 मार्च को गैस मिली थी। गैस नहीं होने के चलते एजेंसी को बंद कर दिया गया है। उपभोक्ताओं को बहुत मुश्किल से ही समझाकर वापस किया जा रहा है।
0
घरेलू गैस के लिए कतार, उपभोक्ता परेशान
रामकोला क्षेत्र में संचालित गैस एजेंसियों पर गैस का अभाव होने से उपभोक्ता परेशान हैं। इसको लेकर महिलाएं व बुजुर्गों को काफी दिक्कतें हो रही हैं। हालांकि प्रशासन का दावा है कि गैस भरपूर है। बृहस्पतिवार को कस्बा स्थित गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं की भीड़ रही। गाड़ी आई तो कुछ को ही सिर्फ गैस मिल सकी,जबकि आधे से अधिक लोग बिना गैस के ही वापस लौट गए। उपभोक्ताओं का आरोप था कि प्रशासन के की तरफ से किए जा रहे गैस की किल्लत नहीं है कि दावे धरातल पर नहीं दिखाई दे रहे हैं।
वर्जन==
जिले में रसोई गैस की कोई किल्लत नहीं है। कृत्रिम किल्लत पैदा करने वालों के बख्शा नहीं जाएगा। जिला प्रशासन के निर्देश पर टीमों का गठन कर दिया गया है,जो गैस एजेंसियों के गोदामों और वितरण केंद्रों का निरीक्षण कर रही हैं। उपभोक्ता किसी भी तरह की परेशानी होने पर शिकायत सीधे कर सकते हैं। गैस कंपनियों के अधिकारियों से भी उनके नंबरों पर संपर्क स्थापित कर गैस आपूर्ति की स्थिति की जानकारी हासिल कर सकते हैं। कृष्ण कुमार, डीएसओ, कुशीनगर
कुशीनगर के वार्ड नंबर संत गाडगेनगर सपहा नौकाटोला स्थित नायक गैस एजेंसी पर जांच पड़ताल करते जिला- फोटो : दिन के साथ रातें भी होने लगीं गर्म