फोटो है।
अध्यक्ष पद के लिए चार और सदस्य के लिए 160 नामांकन पत्र की बिक्री हुई
अमर उजाला ब्यूरो
पडरौना।
निकाय चुनाव के लिए अध्यक्ष और सभासद के नामांकन पत्रों की बिक्री की रफ्तार रविवार कर बेहद सुस्त रही। सात टाउनएरिया में अध्यक्ष के लिए जहां सिर्फ चार पर्चे ही बिके, वहीं सभासद व पंचायत सदस्य के लिए 160 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। दूसरे दिन भी किसी उम्मीदवार ने अपना नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया।
पडरौना, कुशीनगर और हाटा नगरपालिका सहित कप्तानगंज, खड्डा, रामकोला और सेवरही नगर पंचायतों में नामांकन प्रक्रिया का रविवार को दूसरा दिन था। इस दिन नामांकन पत्र दाखिल करना तो दूर, पर्चों की खरीदारी करने के लिए आने वाले लोगों की संख्या में भी बेहद कम रही। इस दिन सात टाउनएरिया को मिलाकर अध्यक्ष के लिए सिर्फ चार ही पर्चे बिके। वहीं सभासद के लिए भी सिर्फ 160 लोगों ने ही पर्चे खरीदे।
रविवार को रामकोला नगर पंचायत के अध्यक्ष के लिए कोई पर्चा नहीं बिका, जबकि सभासद के 17 पर्चे बिके। कप्तानगंज में भी सिर्फ सभासद के नौ पर्चे बिके। यही हालत सेवरही नगर पंचायत का था। वहां भी केवल सभासद के 13 पर्चों की बिक्री हुई। इनके अलावा खड्डा नगर पंचायत के अध्यक्ष के लिए एक पर्चा बिका, जबकि सभासद के 11 पर्चों की बिक्री हुई। पडरौना में नगरपालिका अध्यक्ष के लिए एक तथा सभासद के लिए 36 पर्चे बिके।
वहीं कुशीनगर नगरपालिका के अध्यक्ष का एक और सभासद के 40 पर्चे बिके। हाटा में भी नगरपालिका अध्यक्ष का एक और सभासद के 34 पर्चे बिके। किसी उम्मीदवार ने इस दिन अपना नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया। पर्चा खरीदने के लिए आने वालों की संख्या शनिवार से भी कम होने की वजह से तहसीलों में बने नामांकन स्थलों पर अफसर उनका इंतजार करते देखे गए।