वामदल के कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन
- राष्ट्रपति को संबोधित नौ सूत्री ज्ञापन एसडीएम को सौंपा
संवाद न्यूज एजेंसी
तमकुहीराज। मजदूर दिवस के मौके पर उत्तर प्रदेश खेत मजदूर यूनियन के कार्यकर्ताओं ने सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इसमें केंद्र एवं प्रदेश सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी कर कस्बे का भ्रमण कर राष्ट्रपति को संबोधित नौ सूत्री ज्ञापन एसडीएम को सौंपा।
रविवार दोपहर बाद करीब दो बजे वामदल सीपीआई की अनुसांगिक संगठन उत्तर प्रदेश खेत मजदूर यूनियन के कार्यकर्ता तमकुहीराज पहुंचे। यहां से जिला मंत्री सुदामा यादव की अगुवाई में विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद सरकार विरोधी नारे लगाते हुए तमकुहीराज एसडीएम के आवास पहुंचे, जहां पर राष्ट्रपति को संबोधित नौ सूत्री ज्ञापन एसडीएम को सौंपा कर शीघ्र कार्रवाई की मांग की। एसडीएम को सौंपे गए ज्ञापन में कार्यकर्ताओं ने सेवरही नगर पंचायत के शिवा घाट पर स्थित बंजर की जमीन पर पूर्व से काबिज लोगों के नाम आबादी में दर्ज करने, परसौनी बुजुर्ग गांव के गरीब परिवारों को वृद्धा, विधवा पेंशन, आवास व शौचालय उपलब्ध कराने, तहसील पर कार्यरत पांच लेखपालों को तत्काल हटाने, मनरेगा मजदूरों को हर वर्ष दो सौ दिन काम देने और मनरेगा की दैनिक मजदूरी छह सौ रुपये करने समेत अन्य मांगों को शीघ्र पूरा करने की मांग की। इस दौरान लल्लन राय, सुदामा यादव, मतिउल्लाह, पंकज मिश्र, अशोक यादव, घनश्याम कुशवाहा, जमील अहमद, परमहंस सिंह और प्रेमचंद गुप्ता आदि मौजूद रहे।