फाजिलनगर। स्थानीय नगर स्थित एनएच-27 से पटखौली जाने वाली जर्जर सड़क की मरम्मत की मांग को लेकर ग्रामीणों संग छात्र-छात्राओं ने शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन किया। आरोप है कि सड़क जगह-जगह टूटकर पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग इसे ठीक कराए जाने के प्रति उदासीन बने हुए हैं। आए दिन राहगीर वाहनों से गिरकर चोटिल हो रहे हैं।
विरोध प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे नंदलाल विद्राही के साथ कॉलेज के विद्यार्थियों ने कहा कि सड़क में बने गड्ढे में गिरने से लोग घायल हो रहे हैं। सड़क की हालत खस्ताहाल है। इसे ठीक कराया जाना बेहद जरूरी है। चेताया कि सड़क नहीं बनाई गई तो वे आंदोलन करेंगे। इस मौके पर सुनील, बुंदेला गोंड, प्रदीप यादव, आस मोहम्मद, अंशु पांडेय आदि मौजूद थे।