कप्तानगंज तहसील परिसर में प्रदर्शन करते देउरवा गांव के लोग।संवाद
- फोटो : संगठन
कप्तानगंज। क्षेत्र के देउरवा गांव के लोगों ने मंगलवार को तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। लोगों ने गांव की नवीन परती और आबादी की जमीन पर चल रहे निर्माण कार्य का विरोध करते हुए कार्रवाई की मांग की। लोगों की नाराजगी और मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम ने जांच कर सरकारी जमीन पर चल रहे निर्माण कार्य को रोकवाने के निर्देश दिए।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि गांव के ही कुछ लोग सार्वजनिक उपयोग की जमीन पर अतिक्रमण कर जबरन निर्माण कार्य करा रहे हैं। यहां छठ पूजा जैसे धार्मिक अनुष्ठान होते हैं। लोगों ने कहा कि इस स्थान पर छठ उपासना के साथ-साथ हिंदू समुदाय के लोग पितरों का पिंडदान और मुंडन संस्कार भी करते हैं। लोगों ने कहा कि इस मामले को लेकर उच्च न्यायालय में पहले से ही याचिका विचाराधीन है। इसके बावजूद, कुछ लोग विवादित भूमि पर निर्माण कार्य कर रहे हैं। विरोध करने पर मारपीट पर उतारू हो जाते हैं। लोगों ने चेताया कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। इसके बाद लोगों ने एसडीएम विनोद कुमार गुप्ता को ज्ञापन सौंपा। एसडीएम ने निर्माण कार्य को रोकने के लिए निर्देशित किया।
इस दौरान पिंटू वर्मा, शैलेंद्र उपाध्याय, अनिल उपाध्याय, सुभाष, सुरेंद्र सिंह, अनवर अली, पन्नीलाल, अनिल उपाध्याय, छेदी गोंड, प्रभु गोड, मन्नू सिंह आदि मौजूद रहे।