बैठक को संबोधित करतीं मोतीचक ब्लाॅक प्रमुख अर्चना सिंह ।स्रोत-सोशल मीडिया
मथौली। स्थानीय ब्लाॅक सभागार में बुधवार को क्षेत्र पंचायत व प्रधानों की बैठक ब्लॉक प्रमुख की अध्यक्षता में हुई। इसमें गांवों के विकास के लिए वित्तीय वर्ष में कराए जाने वाले विकास कार्यों के लिए 12 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं पर खर्च करने की मुहर लगाई गई। इसे तकनीकी सहायक रामकृपाल ने प्रस्तुत किया।
ब्लाक प्रमुख अर्चना सिंह ने कहा कि क्षेत्र को विकसित करने के लिए हर संभव कोशिश की जा रही है। सरकार की हर योजना की जानकारी क्षेत्र पंचायत सदस्य व ग्राम प्रधानों को होनी चाहिए। ताकि गांव के हर व्यक्ति को योजनाओं का लाभ मिल सके।
बीडीओ श्वेता मिश्रा ने वित्तीय वर्ष के लिए मनरेगा में नौ करोड़ और राज्य वित्त योजना के तहत तीन करोड़ की बजट पर स्वीकृति होने की जानकारी दी। आवास, पेंशन, कृषि, स्वच्छता अभियान, मनरेगा आदि के बारे में भी जानकारी दी गई। बैठक में सीएचसी मोतीचक के प्रभारी डॉ. राजेश मद्धेशिया ने बताया कि 80 फीसदी आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनाया जा चुका है। जिनका नहीं बना है, वे आशा व एएनएम से मिलकर आयुष्मान कार्ड बनवा सकते हैं।
एपीओ राजेश कुमार ने बताया कि मनरेगा में 2025-26 में लक्ष्य के सापेक्ष 110 फीसदी कार्य हुआ है। सात आंगनबाड़ी केंद्रों में से चार बन चुके हैं। तीन पर काम चल रहा है। अन्नपूर्णा भवन निर्माणाधीन हैं। बैठक में एडीओ पंचायत रामायण गुप्ता, मनोज सिंह, विभा शाही, बिंद्रावती देवी, जेई कृष्ण मद्धेशिया आदि मौजूद थे।