रामकोला। क्षेत्र के लाला छपरा गांव में सोमवार को आयोजित ग्राम चौपाल में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं बीडीओ मयंक त्रिपाठी ने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने कहा कि ग्राम चौपाल का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं को गांव में ही सुनकर उनका समाधान कराना है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, मनरेगा, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, उज्ज्वला योजना और आयुष्मान भारत योजना सहित विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांग पेंशन योजनाओं की पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया के बारे में भी ग्रामीणों को बताया। कहा कि पात्र लाभार्थी आवश्यक दस्तावेजों के साथ योजनाओं के लिए आवेदन करें और किसी भी बिचौलिए के झांसे में न आएं। ग्राम चौपाल में ग्रामीणों ने सड़क, नाली, बिजली, आवास, पेंशन और राशन से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा गांव के अंतिम पात्र व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने की है। अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी है कि योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बरती जाए और ग्रामीणों को अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े। चौपाल में ग्राम प्रधान अन्नपूर्णा देवी, ग्राम पंचायत अधिकारी सुनीता, पंचायत सचिव, रोजगार सेवक समेत विभिन्न विभागों के कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।