कसया। सफाई व्यवस्था का हाल जानना हो तो नगर पंचायत कसया के वार्ड नंबर-6 लोहिया नगर में आसानी से देखा जा सकता है। यहां अव्यवस्था का आलम यह है कि जल निकासी के लिए बनाई गई नालियां जगह जगह टूटी पड़ी हैं। नालियों की सफाई नहीं होती। इसके चलते वार्ड का गंदा पानी निरंकारी इंटरमीडिएट कालेज के आगे स्थित टेलीफोन टावर के निकट एकत्र हो रहा है। प्रदेश की नई सरकार ने सभी कार्यालयों, मुहल्लों और गांवों में स्वच्छता एवं सफाई व्यवस्था बेहतर करने का फरमान तो सुना दिया है, नगर पंचायत प्रशासन की तरफ से उसके पालन में रुचि नहीं दिख रही है। जलभराव के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। वार्ड में इंसेफेलाइटिस का खतरा बना हुआ है।
लोहिया नगर वार्ड में फैली अव्यवस्था के संबंध में अधिवक्ता प्रमोद बिहारी मिश्र ने कहा कि जलनिकासी का उचित प्रबंध नहीं होने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ा है। इसके चलते इंसेफेलाइटिस जैसे खतरनाक संक्रामक रोग फैलने की आशंका बनी हुई है। वार्ड के विनोद गिरी का कहना है कि वर्षों से यहां पर जलनिकासी और सफाई की व्यवस्था ठीक नहीं है। इसके चलते वार्डवासियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जगह-जगह नाली टूटी पड़ी है। इसके चलते वार्ड में ही गंदे पानी का एकत्र हो रहा है। वार्ड नंबर-6 के ही रहने वाले रविंद्र विश्वकर्मा उर्फ राधे का कहना है कि नगर पंचायत प्रशासन की ओर से इस वार्ड को उपेक्षित छोड़ दिया गया है। वार्ड में पानी और बिजली का उचित प्रबंध नहीं है। हालात इतने खराब हैं कि सड़क के किनारे बहुत नीचे तक बिजली के तार लटक रहे हैं। न तो बिजली विभाग ध्यान दे रहा है और न ही नगर पंचायत प्रशासन। वार्ड के सभासद राजेश मद्धेशिया का कहना है कि ईओ से जल निकासी के लिए नाली बनवाने की बात कही गई है। इसके बावजूद भी ठीक नहीं कराया गया। यहां पर ठेकेदार मनमाने तरीके से कार्य करा रहे हैं। विद्युत तार लटक रहे हैं। इसके लिए विभाग से कई बार शिकायत दर्ज कराई गई है। फिर भी हालत जस की तस है।