प्रधानमंत्री के संभावित कार्यक्रम को लेकर बरवा जंगल में जनसभा स्थल का भी डीएम ने किया निरीक्षण
कसया। अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थली कुशीनगर के रामाभार स्तूप के समीप निर्माणाधीन महात्मा बुद्ध कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के उद्घाटन को लेकर प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। विश्वविद्यालय को अंतिम रूप देने और प्रधानमंत्री के संभावित उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन तैयारियों में जुटा है।
बुधवार की देर शाम डीएम संजय चौहान, एसपी केशव कुमार और जॉइंट मजिस्ट्रेट जी अक्षय दीपक ने विश्वविद्यालय पहुंचकर निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया और प्रगति की समीक्षा की। इसके बाद अधिकारियों ने बरवा जंगल पहुंचकर प्रधानमंत्री की संभावित जनसभा के लिए प्रस्तावित स्थल का जायजा लिया। यहां पंडाल, बैरिकेडिंग और लोगों के जनसभा स्थल तक पहुंचने की व्यवस्था को लेकर तैयारियों की समीक्षा की गई। हालांकि कार्यक्रम की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इसके बावजूद प्रशासन स्तर पर तैयारियां तेज कर दी हैं।
विश्वविद्यालय में उद्घाटन के दौरान एकेडमिक भवन के भूतल और प्रथम तल पर कक्षाएं संचालित करने की तैयारी की जा रही है। हालांकि यहां अभी कुछ काम अधूरे हैं। विश्वविद्यालय की लाइब्रेरी, महिला छात्रावास, पुरुष छात्रावास और प्रसाधन का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। वहीं, परिसर के अंदर जाने वाले सीसी मार्ग का निर्माण जारी है। विश्वविद्यालय के मुख्य गेट को अंतिम रूप देने में भी मजदूर जुटे हुए हैं।
संभावित उद्घाटन कार्यक्रम को देखते हुए निर्माण एजेंसी ने भी काम में तेजी लाने के लिए मजदूरों की संख्या बढ़ा दी है। इसके बावजूद उद्घाटन तक विश्वविद्यालय के सभी निर्माण कार्यों को पूरा करना चुनौती माना जा रहा है। जिला प्रशासन और निर्माण एजेंसी निर्धारित समय में तैयारियां पूरी करने में जुटे हैं। इस संबंध में जॉइंट मजिस्ट्रेट जी अक्षय दीपक ने बताया कि कृषि विश्वविद्यालय ने निर्माण कार्य काफी तेजी से कराएं जा रहे हैं। जिसमें एकेडमिक भवन में थोड़ा तैयारी करने में समय लग रहा हैं। बाकी काम लगभग पूरे होने के कगार पर है। पीएम के संभावित जनसभा स्थल के लिए डीएम सर के साथ बरवा जंगल कल शाम को देखा गया था। लेकिन स्थल का चयन नहीं हुआ हैं।