पडरौना। अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट कुशीनगर से विमानों के उड़ान की तैयारी तेज हो गई है। शुक्रवार को डीएम और एसपी ने एयरपोर्ट का निरीक्षण किया। एयरपोर्ट अथॉरिटी के साथ बैठक कर उड़ान शुरू करने के लिए कार्ययोजना बनाई गई। इसके लिए डीएम ने एयरक्राफ्ट कंपनी से वार्ता करने पर जोर दिया। एयरपोर्ट अथॉरिटी की ओर से रखी गई स्थानीय समस्याओं का निस्तारण कराने के लिए जिम्मेदारों को निर्देश दिया। प्रशासनिक अफसरों की बातों पर गौर करें बहुत जल्द एयरपोर्ट से उड़ान शुरू हो जाएगी।
डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि एयरपोर्ट के उड़ान में आने वाली अड़चनों को दूर करने के लिए जिम्मेदारों को निर्देश दिया गया। हवाई सेवाएं शुरू करने के लिए एयरपोर्ट के डायरेक्टर से एयरक्राफ्ट कंपनी से वार्ता करने के लिए कहा गया है। एयरपोर्ट से उड़ान शुरू हो जाने से जिले के अलावा आसपास के जिले व बिहार प्रांत के लोगों को काफी सहूलियत होगी।
डीएम ने एयरपोर्ट अथॉरिटी से जानकारी लेने के बाद इसका समाधान कराने को कहा। उड़ान शुरू होने से कुशीनगर एयरपोर्ट की पहचान बढ़ेगी। भूमि संबंधी सभी बाधाओं को दूर करने पर भी चर्चा की गई। इसकेे पूर्व भी एयरपोर्ट से उड़ान शुरू कराने के लिए सांसद में भी मामला उठ चुका है, पूर्व के अफसरों ने काफी प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। बैठक में एसपी संतोष कुमार मिश्रा, एयरपोर्ट अथॉरिटी के डायरेक्टर, सीओ कसया, उपजिलाधिकारी कसया आदि मौजूद रहे।