पडरौना। जिला स्टेडियम में मार्च में प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता की तैयारी है। इसके लिए शासन की तरफ से संभावित खेलों की सूची और स्टेडियम में उपलब्ध संसाधनों की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश मिले हैं।
जिला स्टेडियम में बॉक्सिंग, कुश्ती, वॉलीबाल, एथेलेटिक्स, बैडमिंटन, स्वीमिंग खेल का आयोजन होता है। इसके अलावा क्रिकेट और टेबल टेनिस का प्रशिक्षण शुरू कराने की तैयारी है। बीते सप्ताह शासन की तरफ से जिला खेल कार्यालय से स्टेडियम में प्रदेश स्तरीय खेल आयोजन के संबंध में जानकारी मांगी गई है।
इसके जवाब में जिला खेल कार्यालय की तरफ से बॉक्सिंग, कुश्ती और वॉलीबाल खेल के आयोजन के लिए स्टेडियम को उपयुक्त बताते हुए शासन को पत्र भेजा है। क्रीड़ाधिकारी रवि कुमार निषाद ने बताया कि स्टेडियम में बॉक्सिंग, कुश्ती, वॉलीबाल, एथेलेटिक्स और बैडमिंटन का नियमित अभ्यास होता है। वहीं स्वीमिंग खेल का प्रशिक्षण एक अप्रैल से 30 सितंबर तक चलता है। इन सभी खेलों के कोच भी स्टेडियम में हैं।