महिला की मौत पर हंगामा करते परिवार वाले। संवाद
कसया। शहर के नहर बाईपास मार्ग पर निजी अस्पताल में रविवार को प्रसव के लिए भर्ती कराई गई 30 वर्षीय महिला की ऑपरेशन के कुछ घंटे बाद हालत बिगड़ गई। चिकित्सक ने उसे गोरखपुर रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर गोरखपुर जा रहे थे। रास्ते में उसकी मौत हो गई। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल पहुंचकर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना पर आई पुलिस ने परिजनों को समझाकर शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। नवजात सुरक्षित बताया जा रहा है।
नगर के वार्ड नंबर आठ पंडित राज मंगल पांडेय नगर निवासी दिनेश पासवान की पत्नी सुमन देवी (30) को रविवार सुबह करीब 11 बजे प्रसव के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। ऑपरेशन से सुमन ने बच्चे को जन्म दिया। परिजनों के अनुसार, शाम करीब छह बजे ऑपरेशन के कुछ घंटे बाद सुमन की हालत बिगड़ने लगी। अस्पताल के चिकित्सक ने उसे गोरखपुर रेफर कर दिया।
परिजन महिला को लेकर गोरखपुर के लिए रवाना हुए लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद परिजन शव लेकर अस्पताल पहुंचे और इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। सूचना पर आई कसया पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर परिजनों को शांत कराया और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
एसओ इत्यानंद पांडेय ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजह स्पष्ट हो सकेगी। तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। नवजात सुरक्षित है।