पकड़ियार बाजार। रामकोला थाना क्षेत्र के सिंघा मठिया गांव में मकानों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन हटाए जाने के बाद पूरे गांव की बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। इससे नाराज ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार की सुबह गांव के मंदिर परिसर में एकजुट होकर जोरदार प्रदर्शन किया और जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल कराने की मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि करीब छह माह पहले गांव में एक मकान के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से एक बच्चा गंभीर रूप से झुलस गया था। हालत गंभीर होने पर उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां कुछ दिनों बाद डॉक्टरों को इंफेक्शन के चलते उसका हाथ काटना पड़ा था। इस दर्दनाक घटना के बाद बच्चे के परिजन ने डीएम को प्रार्थना पत्र देकर मकान के ऊपर से गुजर रही खतरनाक हाईटेंशन लाइन को तत्काल हटाने की मांग की थी।
इस संबंध में जेई बख्तियार अहमद ने बताया कि जिलाधिकारी के आदेश पर जनहित में 11 हजार वोल्ट की लाइन हटाई गई है। गांव में सुचारू बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है उम्मीद है कि एक-दो दिन के भीतर बिजली आपूर्ति सुचारू रूप से शुरू कर दी जाएगी।