तमकुहीराज। तहसील क्षेत्र में बृहस्पतिवार से बिजली गुल रहने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बताया जाता हैं कि बृहस्पतिवार से हो रही बारिश के कारण तमकुहीराज व तरया सुजान बिजली घर से जुड़े अधिकतर गांवों की बिजली गुल है। रात में महिलाओं को खाना व दैनिक कार्यों को करने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा हैं। तमकुहीराज बिजली उपकेंद्र से जुड़े समउर, माधोपुर फीडर समेत आसपास के इलाकों में बिजली गुल है। समउर फीडर से जुड़े गांव, परसौनी खुर्द, शकरा पट्टी, कटहरी बाग, बिहार बुजुर्ग, समउर, पिपरा बघेल, गंगुआ समेत 40 गांलों के लोग परेशान हैं। गांवों में बमुश्किल तीन घंटे बिजली मिल रही है।
तरयासुजान उपकेंद्र से जुड़े माधोपुर बुजुर्ग, लतवा बाजार, गोड़इता श्रीराम, खुदरा, सरेया, सलेमगढ़ खास, बसडीला बुजुर्ग, बहादुरपुर, बसडीला गुनाकर सहित 30 से अधिक गांवों की बिजली गुल है।
12 घंटे बाद बहाल हुई बिजली आपूर्ति
पिपरा बाजार। रामपुर कोटवा और ढोरही उपकेंद्र से बृहस्पतिवार रात बिजली आपूर्ति ठप हो गई। लोगों को अंधरे में रात गुजारनी पड़ी। 12 घंटे बाद किसी तरह आपूर्ति बहाल हो सकी।
शुक्रवार की सुबह संविदा कर्मियों की मदद से तारों पर पेड़ों की लटकी डालियां, बांस, और लताओं की सफाई की गई। रामपुर कोटवा उपकेंद्र के जेई एके सिंह ने बताया कि बिजली आपूर्ति बाधित होने पर उसे जल्द से जल्द बहाल कराया जाता है। मौसम व विपरीत परिस्थितियों में कभी-कभी देर हो जाती है। संवाद