पडरौना। अपने शहर का रहनुमा चुनने के लिए शहर के अधिकांश लोगों ने मतदान किया, लेकिन पडरौना नगरपालिका क्षेत्र में नोटा ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज करा दी। नोआ ने जहां आप और एआईएमएईएम सहित एक निर्दल उम्मीदवार को भी पीछे छोड़ दिया, वहीं पढ़े-लिखे लोगों के इस शहर में मतदाताओं के 477 वोट अवैध भी हो गए। ये ऐसे वोट थे, जो किसी निकाय में चुनाव की दिशा बदल सकते थे।
पडरौना नगरपालिका के अध्यक्ष और सदस्य के चुनाव में 142476 पुरुष व 127837 महिलाओं सहित कुल 270313 मतदाताओं को मतदान करना था। इस चुनाव में अध्यक्ष पद के 07 और सदस्य के 148 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। सभी प्रत्याशियों को मिलाकर 24768 वोट मिले, जिसमें अकेले नोटा को 120 वोट मिले हैं। नोटा (कोई उम्मीदवार पसंद नहीं) को मिला यह वोट आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार मनोज साहा, ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन के उम्मीदवार मुहम्मद इलियास अंसारी और निर्दल उम्मीदवार निर्मल साहा से भी अधिक है।
इसके अलावा चौंकाने वाली बात यह है कि पडरौना शहर के मतदाताओं में से 477 का वोट अवैध हो गया, क्योंकि इनका मतदान सही ढंग से नहीं हो पाया था। अवैध मत तो आप, एआईएमएईएम, रालोद और एक निर्दल प्रत्याशी को मिले वोटों से भी अधिक है।