बिहार के दहवा में पहुंचे एसपी बगहा सुशांत कुमार सरोज। स्रोत-सोशल मीडिया
कुशीनगर। बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के धनहा थाना क्षेत्र के दहवा गांव में पशु तस्कर को वारंट तामील कराने गई पुलिस टीम पर तस्करों ने हमला कर दिया। कुशीनगर पुलिस बृहस्पतिवार की शाम रूस्तम अंसारी के घर धनहा थाने के दरोगा के साथ गई थी।
पशु तस्कर पुलिस को देखते ही भड़क गए और अपने साथियों के साथ पुलिस पर हमला कर दिया। गांव में घिरी पुलिस की पिटाई कर दी। कुशीनगर पुलिस को हल्की चोटें आई हैं, किसी तरह जान बचाकर मौके से पुलिस भागी। वहीं धनहा थाने के दरोगा का सर्विस रिवाल्वर और मोबाइल तस्करों ने लूट लिया। गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है।
पश्चिमी चंपारण जिले धनहा थाना क्षेत्र के दहवा गांव निवासी रूस्तम अंसारी को वर्ष 2024 में 11 पशु तस्करों के साथ कप्तानगंज पुलिस ने गिरफ्तार किया था। इस मामले में रूस्तम अंसारी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट कोर्ट से जारी हुआ था। बृहस्पतिवार की शाम को कप्तानगंज कस्बा चौकी इंचार्ज सौरभ द्विवेदी, सिपाही चंदन भारती, सिपाही मंजेश पश्चिमी चंपारण जिले के धनहा थाने पर पहुंचे। वहां प्रार्थना पत्र देकर दहवा गांव निवासी पशु तस्कर रूस्तम अंसारी को वारंट तामील कराने के लिए फोर्स की मांग किया। धनहा थाने के दरोगा प्रमोद कुमार कुशीनगर पुलिस के साथ पशु तस्कर के घर दहवा गांव में देर शाम को पहुंचे। दरवाजे पर पशु तस्कर रूस्तम अंसारी मिला।
उसने वारंट तामील करने से मना कर दिया। इसको लेकर धनहा थाने के दरोगा प्रमोद कुमार से बहस हो गई। इसके बाद पशु तस्कर अपने करीबियों को बुला लिया और पुलिस को घेरकर पिटाई करने लगे।