कुशीनगर। जवाहिर यादव गैंग के सक्रिय सदस्य सतीश यादव को कुशीनगर पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। इसके खिलाफ सुकरौली थाने में पशु तस्करी की प्राथमिकी दर्ज है। पुलिस इसकी दो महीने से तलाश कर रही थी। इस गैंग में शामिल तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के गुड्डू यादव की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। गुड्डू के चचेरे भाई सतीश को कुछ दिन पूर्व कसया पुलिस ने गिरफ्तार किया था।
गोरखपुर जिले के पिपराइच थाना क्षेत्र के महुचाफी गांव में छात्र की हत्या के बाद कुशीनगर में एक सोशल मीडिया पर स्कार्पियो में पशु लादने का वीडियो वॉयरल हुआ था। पुलिस की जांच में पता चला कि वीडियो हाटा कोतवाली क्षेत्र के सुकरौली है। हाईवे के किनारे बंधे गोवंश को पशु तस्कर स्कार्पियों में लाद रहा है। पुलिस ने अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना शुरू किया। पुलिस को पता चला कि गोरखपुर का रहने वाला जवाहिर गैंग का सदस्य सतीश यादव और कुशीनगर जिले के चार पशु तस्कर शामिल हैं। पुलिस ने बिहार से स्कार्पियो को बरामद कर लिया। यह स्कार्पियो कुशीनगर में जेल भेजे गए पशु तस्कर की थी।
पुलिस ने कुशीनगर के रहने वाले चार पशु तस्करों को जेल भेज दिया। सतीश की तलाश में पुलिस उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी, लेकिन सफलता नहीं मिली। गोरखपुर और कुशीनगर पुलिस के बढ़ते दबाव को देखते हुए सतीश ने गोरखपुर कोर्ट में सरेंडर कर दिया। पुलिस की मानें तो सतीश और कुशीनगर के तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के गुड्डू यादव साथ मिलकर गोरखपुर से बिहार तक पशु तस्करों का नेटवर्क संचालित करते हैं। गुड्डू और सतीश के परिवार के सदस्यों पर 20 से अधिक पशु तस्करी की प्राथमिकी दर्ज है। पुलिस गुड्डू की तलाश में बिहार में पुलिस दबिश दे रही है।