मंसाछापर। पडरौना कोतवाली क्षेत्र से सटे बिहार के धनहा थाना क्षेत्र के एक गांव में रविवार की रात छह वर्षीय मासूम से दरिंदगी का मामला प्रकाश में आया है। सोमवार की सुबह गांव के लोगों ने उसे सरेह से बदहवास हालत में देख उसके परिजनों को जानकारी दी। घरवाले उसे लेकर घर आए। बच्ची ने मां को सारी बातें बताईं। सूचना के बाद धनहा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई।
पुलिस बच्ची को उसके परिवार के लोगों के साथ मेडिकल जांच के लिए जिला मेडिकल काॅलेज बेतिया भेज दिया। एसपी रामानंद कौशिक ने सोमवार की दोपहर बाद घटनास्थल का निरीक्षण कर शीघ्र आरोपी की गिरफ्तारी करने का निर्देश दिया। घरवालों ने बताया कि रविवार की शाम गांव से बरात जा रही थी, उसी समय आरोपी युवक उसे बरात दिखने के बहाने ले गया। बरात देखने वाले सभी लोग वापस आने लगे तो मौका पाकर सरेह में उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। परिजनों ने बताया कि देर रात तक बची की खोजबीन की, लेकिन वह नहीं मिली। सुबह लोगों ने जानकारी दी तो बच्ची को घर लाया गया। आरोपी गांव में अपनी बुआ के घर आया था। घटना के बाद वह लापता है। धनहा थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस जांच में लगी हुई है। आरोपी की तलाश में छापेमारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि बच्ची को मेडिकल जांच के लिए भेज दिया गया है।