स्वर्ण व्यवसायी की हत्या में शामिल बदमाशों को पकड़ने में पुलिस नाकाम
पडरौना। पटहरेवा थाना क्षेत्र के नारायणपुर कोठी में कस्बे में छह जून को स्वर्ण व्यवसायी की हत्या के मामले में घटना के 17 दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। मोबाइल कॉल डिटेल के आधार पर भी बदमाशों तक पहुंचने में पुलिस नाकाम है। पुलिस अधीक्षक ने घटना का पर्दाफाश करने के निर्देश पुलिस को दिए हैं। इस मामले में पूर्व विधायक अजय कुमार लल्लू भी प्रदर्शन करके चेतावनी दे चुके हैं। अब तक इस मामले में पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है।
देवरिया जनपद के रामगुलाम टोला निवासी स्वर्ण व्यापारी जयराम वर्मा (50) की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना की सूचना पर आसपास के लोग बड़ी संख्या में जुट गए थे। दुकानदारों ने घटना के पर्दाफाश की मांग की। मामले की जानकारी मिलने पर एएसपी रितेश सिंह भी मौके पर पहुंचे थे।
उन्होंने जल्द ही बदमाशों को पकड़ने का भरोसा दिया था। 17 दिनों के बाद भी पटहेरवा थाने की पुलिस खाली हाथ है। इस घटना की सूचना पर पूर्व विधायक गंगा सिंह कुशवाहा भी मौके पर पहुंचे थे। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने 12 जून को कस्बे में धरना-प्रदर्शन किया था। तब पुलिस ने कहा था कि जल्द ही हत्यारोपी पकड़े जाएंगे। इस संबंध में थानाध्यक्ष अखिलेश सिंह ने बताया कि स्वॉट और थाने की टीम मामले की जांच कर रही है। जल्द ही बदमाश पकड़ लिए जाएंगे।