पटहेरवा। फाजिलनगर क्षेत्र में बृहस्पतिवार की रात पुलिस ने दो पशु तस्करों को दबोच लिया। बघौचघाट मोड़ पर टीम ने घेराबंदी की थी। पुलिस को देखकर पशु तस्कर भागने का प्रयास किए तो पिकअप अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया और दो तस्करों को टीम ने दबोच लिया, जबकि तीन भाग निकले। फाजिलनगर चौकी इंचार्ज मनोज वर्मा अपनी टीम के साथ बृहस्पतिवार की देर रात बघौचघाट मोड़ पर पशु तस्करों के आने की सूचना पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान गोरखपुर की ओर से एक पिकअप आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने जब पिकअप को रोकने का इशारा किया तो चालक वाहन लेकर तेज गति से भाग निकला। पुलिस ने पीछा किया तो फोरलेन पर काजीपुर क्रॉसिंग पर अनियंत्रित होकर पिकअप डिवाइडर पर चढ़ गया।
पुलिस ने पिकअप में सवार चालक और तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। पिकअप में लदे चार गोवंश को मुक्त कराया। पुलिस ने गिरफ्तार तस्करोंं की पहचान देवता दिन उर्फ अरुण निवासी पोरे उमराव बेनीपुरा रौनाही थाना रौनाही जनपद अयोध्या, दीपक यादव निवासी बारुन बाजार तरमा थाना इनायतनगर, अयोध्या के रूप में किया। पुलिस ने इनके कब्जे से आठ कूटरचित मेडिकल रिपोर्ट, लकड़ी का ठीहा, एक बांका बरामद किया। फरार तीन तस्करों की गिरफ्तारी में पुलिस जुटी है। इससे पूर्व बृहस्पतिवार को भोर में पटहेरवा, तमकुहीराज और चौराखास पुलिस के घेराबंदी के बावजूद तस्कर गोवंश से लदे पिकअप को लेकर भागने में सफल हो गए थे। थानाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह ने बताया कि फरार तस्करों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगी है। जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।