खड्डा (कुशीनगर)। थाना क्षेत्र के विशुनपुरा बुजुर्ग गांव में विवेचना के दौरान पुलिस टीम पर सोमवार की शाम आरोपियों ने ईंट पत्थर से हमला कर दिया। पुलिसकर्मियों ने भागकर अपना बचाव किया, जबकि एक वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने चार लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कर दो को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।
खड्डा थाने में तैनात दरोगा आशीष कुमार एक दर्ज प्राथमिकी में विवेचना कर रहे हैं। इसमें शामिल आरोपियों को थाने पर कई दिन से बुला रहे थे, लेकिन आरोपी नहीं आ रहे थे। विवेचक सिपाहियों के साथ विशुनपुरा बुजुर्ग गांव निवासी ज्योतिष दुसाध के घर सोमवार की शाम को पहुंचे। बयान के लिए पुलिस आरोपी को घर से बाहर बुला रही थी। इस दौरान ज्योतिष दुसाध के परिजन उग्र हो गए और पुलिस पर ईंट पत्थर फेंकने लगे। पुलिसकर्मी वहां से भाग खड़े हुए। दरोगा का वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना पर थाने से बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी पहुंचे। पुलिस के पहुंचने से पहले हमलावर भाग निकले। पुलिस ने दबिश देकर देर रात को आरोपी ज्योतिष दुसाध और जटहां बाजार थाना क्षेत्र के चिरगोड़ा निवासी अशोक पासवान को पुलिस ने गिरफ्तार कर मंगलवार को कोर्ट में पेश किया। वहां से जेल भेज दिया गया। खड्डा सीओ बीरेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस विवेचना के क्रम में आरोपी के घर गई थी। अपने परिजन व करीबियों के साथ मिलकर पुलिस पर ईंट पत्थर फेंकने लगा। इस मामले में चार आरोपियों पर गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।